गंदगी चाहे अंदर या बाहर की, सफाई जरूरी
हसनपुर में निरंकारी सत्संग भवन परिसर में निरंकारी बाबा हरदेव सिंह जी महाराज का 66 वां जन्मदिन व गुरु पूजा दिवस काफी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
समस्तीपुर । हसनपुर में निरंकारी सत्संग भवन परिसर में निरंकारी बाबा हरदेव सिंह जी महाराज का 66 वां जन्मदिन व गुरु पूजा दिवस काफी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा सफाई अभियान के साथ-साथ पौधारोपण भी किया गया। संत निरंकारी मिशन ब्रांच हसनपुर सेवादल के भाई- बहनों ने साफ- सफाई अभियान चलाया। मुखी जयनारायण यादव की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का संचालक शशिभूषण महतो ने किया। उन्होंने कहा कि सतगुरु बाबा हरदेव का वचन है कि गंदगी चाहे अंदर की हो या बाहर की, उसकी साफ-सफाई अति आवश्यक है। उन्होंने बताया कि यह अभियान आज के दिन सारे विश्व में चलाया जाता है, जिसमें देश- विदेश के भाई- बहन भाग लेती है। वर्तमान सतगुरु माता सुदीक्षा सविदर हरदेव जी महाराज जो मानव को प्रेम एकता व भाईचारे का संदेश दे रहे हैं। वहीं मुखी ने अपने प्रवचन में कहा कि प्रेम और भक्ति केवल महापुरुष संत ही प्राप्त कर पाते हैं,जो प्रेम भाव से युक्त होते हैं। जो सही मायने में इस सत्य मालिक के साथ अपनी प्रति बना लेता है, इस मालिक के बंदे से प्रेम करता है। प्रभु के ज्ञान से ही आत्मा को मुक्ति मिल सकती है। आप जितना पूजा पाठ, यात्रा, हवन यज्ञ कर लें। प्रभु परमात्मा ईश्वर, अल्लाह प्राप्त नहीं हो सकता है। निरंकारी मिशन द्वारा सतगुरु माता सुदीक्षा सविदर हरदेव महाराज जी ब्रह्माज्ञान देकर आत्मा का कल्याण कर रहे हैं। इस अवसर पर कई फलदार और छायादार पौधे लगाए गए। मौके पर सैकड़ों सेवादल के सदस्य मौजूद थे।