पूर्व पंस सदस्या के पुत्र की हत्या मामले में दो आरोपितों ने न्यायालय में किया आत्मसमर्पण
विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव निवासी विष्णुकांत चौधरी व पूर्व पंस सदस्या कल्याणी देवी के पुत्र आशीष कुमार चौधरी (43) की हत्या मामले के नामजद अभियुक्त अरविद चौधरी और बमबम चौधरी ने बुधवार को एसीजेएम तृतीय विवेक विशाल के न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया।
समस्तीपुर । विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव निवासी विष्णुकांत चौधरी व पूर्व पंस सदस्या कल्याणी देवी के पुत्र आशीष कुमार चौधरी (43) की हत्या मामले के नामजद अभियुक्त अरविद चौधरी और बमबम चौधरी ने बुधवार को एसीजेएम तृतीय विवेक विशाल के न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। उक्त जानकारी देते हुए अनुमंडल अभियोजन पदाधिकारी एन.के.शुक्ला ने बताया कि दोनों को न्यायिक हिरासत में ले लिया गया है। बताते चलें कि थाना कांड संख्या-196/20 में कुल आठ लोगों को नामजद करते हुए मृतक आशीष के पिता विष्णुकांत चौधरी ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मृतक गल्ला व्यापारी का काम करता था। मामले को लेकर डीएसपी दिनेश कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस लगातार आरोपितों पर अपनी दबिश बनाकर छापेमारी कर रही थी। प्राथमिकी के अनुसार आशीष चौधरी गत 15 अक्टूबर को विद्यापतिनगर से होते हुए मऊ बाजार से नित्य दिन की तरह लगभग साढ़े नौ बजे के आसपास घर लौट रहा था। तभी घर के कुछ ही दूरी के समीप पहले से घात लगाए अपराधियों ने सीने और पेट में तीन गोली दाग दिया। गोली लगने के बाद घायल आशीष लहू-लुहान अवस्था में दौड़ कर अपने घर पहुंचा और स्वजनों को घटना की जानकारी देते हुए हुए गांव के ही कुछ युवकों द्वारा गोली मारे जाने की बात कहीं। स्वजनों द्वारा इलाज के लिए बेगूसराय ले जाने के क्रम में आशीष ने दम तोड़ दिया था। दलसिंहसराय के पुलिस उपाधीक्षक दिनेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि शेरपुर गांव में युवक की गोली मारकर हत्या की गई थी। घरवालों ने हत्या का कारण पूर्व की दुश्मनी बताया है। नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गयी हैं। जो लगातार दबिश बना कर छापामारी कर रही है।