कोरोना को लेकर स्वतंत्रता दिवस पर समारोह में नहीं रहेगी भीड़
उजियारपुर प्रखंड में कोरोना महामारी के फैलने से रोकने के लिए स्वतंत्रता दिवस समारोह पूर्व की भांति धूमधाम से नहीं मनाया जाएगा। सिर्फ विभागों के प्रमुख मास्क सैनिटाइजर आदि सुरक्षात्मक सामग्री का उपयोग कर ही झंडोत्तोलन करेंगे।
समस्तीपुर । उजियारपुर प्रखंड में कोरोना महामारी के फैलने से रोकने के लिए स्वतंत्रता दिवस समारोह पूर्व की भांति धूमधाम से नहीं मनाया जाएगा। सिर्फ विभागों के प्रमुख मास्क, सैनिटाइजर आदि सुरक्षात्मक सामग्री का उपयोग कर ही झंडोत्तोलन करेंगे। स्कूल में केवल एचएम एवं शिक्षक ही झंडोत्तोलन में उपस्थित रहेंगे। बच्चों को किसी भी हालत में स्कूल में नहीं बुलाया जाएगा। यह बात बीडीओ विजय कुमार ठाकुर ने शुक्रवार को बैठक में कही। वहीं पहले की तरह इस बार थाना से झंडोत्तोलन नहीं बल्कि प्रखंड मुख्यालय से शुरुआत होगी। प्रखंड मुख्यालय पर प्रमुख रिकी कुमारी सुबह 8:10 मिनट पर झंडोतोलन करेंगी। जबकि चकबंदी कार्यालय पर सीओ संजय कुमार महतो 8:20 बजे तथा थाना परिसर में 8:45 बजे थानाध्यक्ष विश्वजीत कुमार ध्वज फहराएंगे। झंडोत्तोलन के बाद प्रसाद वितरण पर रोक लगा दी गई है। मौके पर पूर्व विधायक दुर्गा प्रसाद सिंह, प्रमुख रिकी कुमारी, पूर्व प्रमुख किरण देवी, सीओ संजय कुमार महतो, थानाध्यक्ष विश्वजीत कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी विजय कुमार पासवान, जीपीएस सुरेश पासवान, भाजपा नेता सुनील चौधरी, पंसस पवन कुमार सिंह, पैक्स अध्यक्ष विद्यानंद सिंह, प्रखंड नाजिर प्रवींद ईस्सर, मनरेगा कार्यालय सहायक अजबलाल राय, सीडीपीओ कार्यालय के सहायक चौधरी विमल कुमार राय आदि मौजूद थे। उधर, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष उमेशचंद्र कुमार ने कहा कि पार्टी कार्यालय पर इसबार कार्यकर्ताओं को झंडोत्तोलन समारोह में भाग लेने के लिए आमंत्रित नहीं किया जा रहा है।