सरायरंजन में लीची के पेड़ से लटका मिला युवक का शव
सरायरंजन थाना क्षेत्र के नौआचक गांव में गुरुवार की सुबह लीची के पेड़ से लटका एक युवक के शव को पुलिस ने बरामद किया है।
समस्तीपुर । सरायरंजन थाना क्षेत्र के नौआचक गांव में गुरुवार की सुबह लीची के पेड़ से लटका एक युवक के शव को पुलिस ने बरामद किया है। मृतक की पहचान नौआचक गांव के वार्ड 1 निवासी यदुनंदन राय के पुत्र रमेश राय उर्फ नन्हकी (35) के रूप में की गई है। घटना के बाबत ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार की रात करीब 8 बजे युवक अपने घर से लापता हो गया था। परिजन द्वारा खोजबीन की गई। मगर उसका कुछ पता नहीं चला। गुरुवार की सुबह कुछ लोग युवक के घर के पीछे लीची बगान में गए तो लीची के पेड़ से प्लास्टिक की रस्सी से लटका उसका शव मिला। जानकारी मिलते ही ग्रामीण व परिजन लीची बगान पहुंचे तो देखा कि उक्त युवक का शव लटक रहा है। घटना की जानकारी ग्रामीणों द्वारा सरायरंजन पुलिस को दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी दलबल पहुंचकर मृतक के शव को अपने कब्जे में ले लिया। वहीं उसे पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है। लोगों का कहना है कि मृतक के पेट और पैर पर चोट के निशान पाए गए है। मृतक के स्वजनों की मानें तो पूर्व की रंजिश के कारण इस घटना का अंजाम दिया गया है। इस बाबत थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने बताया कि मामला संदेहास्पद है। मृतक के शरीर पर कई जगहों पर चोट के निशान है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने एवं घटना की प्राथमिकी दर्ज होने के बाद ही मामले का खुलासा हो सकता है। वहीं इस घटना को लेकर गांव में कई तरह की चर्चाएं चल रही है। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजन द्वारा आवेदन दिए जाने के बाद ही मामले का खुलासा हो पाएगा।