एसडीओ ने किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा
बिथान प्रखंड क्षेत्र की चार पंचायतों के एक दर्जन से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में है। बाढ़ पीड़ित परिवार स्कूल मदरसा निर्माणाधीन हसनपुर सकरी रेलवे लाइन व ऊंचे स्थानों पर शरण लिए हुए हैं।
समस्तीपुर । बिथान प्रखंड क्षेत्र की चार पंचायतों के एक दर्जन से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में है। बाढ़ पीड़ित परिवार स्कूल, मदरसा, निर्माणाधीन हसनपुर सकरी रेलवे लाइन व ऊंचे स्थानों पर शरण लिए हुए हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के भ्रमण के क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी अमन कुमार सुमन ने पीड़ितों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। अनुमंडल पदाधिकारी ने बेलसंडी, नरपा, सलहाबुजुर्ग व सलहाचंदन पंचायत के बाढ़ पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें प्रशासनिक सहयोग का आश्वासन दिया। अनुमंडल पदाधिकारी ने बाढ़ से प्रभावित होने वाले बिथान प्रखंड की पंचायतों का दौरा किया। बाढ़ प्रभावित पंचायतों में बाढ़ के संबंध में की जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा की और दिशा-निर्देश दिए। आपातकालीन सेवा के लिए मोटरबोट की व्यवस्था, बाढ़ से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों लोगों प्रतिनियुक्त गृह रक्षावाहिनी दल, निबंधित नावों के परिचालन, रख-रखाव आदि से संबंध जानकारियां अंचलाधिकारी राजीव रंजन से ली। साथ ही अधिक से अधिक नावों का निबंधन करने का निर्देश दिया। बाढ़ प्रभावित पंचायत के प्रत्येक विद्यालय में कम्युनिटी किचेन का प्रबंध और क्षेत्र में पशु कैंप में पशु चारा की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। अनुमंडल अधिकारी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित पंचायतों में स्वास्थ्य उप केंद्र में डॉक्टर की टीम और दवाओं के साथ व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र प्रभारी। सांप काटने, कुत्ता काटने पर दी जाने वाले एंटी वेनम, रेबीज वैक्सीन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। मौके पर एसआई घनश्याम पासवान, तकनीकी सहायक अनिल कुमार, गौतम मिश्र, कर्मचारी महेंद्र साहू, समाजसेवी अवधेश कुमार राय, रविद्र कुमार रवि,जीवछ कुमार राय, संजीत कुमार आदि लोग मौजूद थे।