एसडीओ ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा, राहत व बचाव के निर्देश
बिथान में अनुमंडल पदाधिकारी अमन कुमार सुमन ने प्रखंड के बेलसंडी नरपा सलहाबुजुर्ग और सलहा चंदन पंचायत के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ पीड़ितों की समस्याएं भी सुनी।
समस्तीपुर । बिथान में अनुमंडल पदाधिकारी अमन कुमार सुमन ने प्रखंड के बेलसंडी, नरपा, सलहाबुजुर्ग और सलहा चंदन पंचायत के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ पीड़ितों की समस्याएं भी सुनी। अनुमंडल पदाधिकारी ने अंचल अधिकारी राजीव रंजन को सभी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कम्युनिटी किचेन प्रारंभ करने, नावों का निबंधन, परिचालन निशुल्क करने का निदेश दिया। नाविकों द्वारा निशुल्क सेवा नहीं देने की शिकायत आने पर उनपर प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। प्रखंड क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित चार पंचायतों के एक दर्जन से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में है। बाढ़ पीड़ित परिवार स्कूल, मदरसों, निर्माणाधीन हसनपुर-सकरी रेलवे लाइन और ऊंचे स्थानों पर शरण लिए हुए हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के भ्रमण के क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी ने पीड़ितों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। साथ ही अधिक से अधिक नावों का निबंधन कराने की बात कही। बाढ़ प्रभावित पंचायत के प्रत्येक विद्यालय में कम्युनिटी किचेन का प्रबंध और क्षेत्र में पशु कैंप में पशु चारा की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया। अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित पंचायतों में स्वास्थ्य उपकेंद्र में डॉक्टर की टीम और दवाओं के साथ व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। करेह, कमला और कोसी नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी के कारण चार पंचायत पिछले एक महीने से बाढ़ की चपेट में है। लोग प्लास्टिक शीट से तंबू बनाकर अपने परिवार के साथ कष्टमय जीवन-यापन कर रहे हैं। मौके पर थानाध्यक्ष संतोष कुमार, एसआई घनश्याम पासवान, एएसआई संजीव कुमार सिंह, तकनीकी सहायक अनिल कुमार, गौतम मिश्र, कर्मचारी महेंद्र साहू, हरेराम राय, सुरेंद्र प्रसाद कर्ण, इंद्रदेव कुमार यादव, समाजसेवी अवधेश कुमार राय, रविद्र कुमार रवि, जीवछ कुमार राय, संजीत कुमार आदि मौजूद थे।