Move to Jagran APP

उपमुखिया की दबंगई में मारे गए तीन निरपराध

समस्तीपुर। शहर से सटे आधारपुर पंचायत के चकनिजाम गांव में सोमवार की सुबह सबकुछ सामान्य थ

By JagranEdited By: Published: Mon, 21 Jun 2021 11:41 PM (IST)Updated: Tue, 22 Jun 2021 12:01 AM (IST)
उपमुखिया की दबंगई में मारे गए तीन निरपराध
उपमुखिया की दबंगई में मारे गए तीन निरपराध

समस्तीपुर। शहर से सटे आधारपुर पंचायत के चकनिजाम गांव में सोमवार की सुबह सबकुछ सामान्य था। एक युवक के घर में नाले का पानी घुस रहा था। उसकी शिकायत और जलनिकासी के सवाल पर उस पंचायत के उपमुखिया तमतमा गए। इस तुनकमिजाजी ने तनिक भी किसी को हस्तक्षेप करने का मौका नहीं दिया। देखते ही देखते उपमुखिया ने युवक को गोली मारी दी। युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। फिर क्या था घटना की गूंज जंगल के आग की तरह फैल गई और अनियंत्रित भीड़ उपमुखिया के दरवाजे की और दौड़ी। मृत युवक के शव को देख लोगों का गुस्सा भड़क गया उपमुखिया के घर पर लोगों ने तोड़फोड़ शुरू कर दी। आगजनी होने लगी। इस बीच लोगों को रोकने की कोशिश में लगे चाचा, भतीजा और शिक्षिका पत्नी भीड़ के हत्थे चढ़ गए। बुरी तरह मार खा गए। मुखिया की पत्नी ने तो अपने सपनों के घर के सामने ही एक गडढ़े में दम तोड़ दिया। जबकि उनके भतीजे ने दरभंगा जाने के क्रम में आखिरी सांस ली। चाचा इलाजरत हैं। गांव में मातमी सन्नाटा है। सबकी जुबान पर एक ही बात, काश, उपमुखिया तमतमाए नहीं होते। काश, उनके रिवाल्वर से गोली नहीं निकली होती। हिसक खूनी संघर्ष ने मिटा दी पड़ोसी धर्म की पहचान

loksabha election banner

आधारपुर के चकनिजाम में विधायक निधि से एक सड़क का निर्माण हुआ। इस कारण वहां जलनिकासी बाधित हो गया। इससे ग्रामीण श्रवण के घर में पानी घुस गया था। इसकी शिकायत श्रवण ने कई बार उपमुखिया से की। लेकिन उपमुखिया अपने ऊपर लगाये गए इलजाम को बर्दाश्त नहीं कर सका और खूनी संघर्ष की ओर समाज को उकसा दिया। जिससे पड़ोसी धर्म की पहचान भी मिटा दी। मो. हसनैन जिस पंचायत के उपमुखिया हैं, वहां महज तीन ही घर अल्पसंख्यकों का है। सबों से उनका रिश्ता अच्छा रहा है। इसी कारण वे दो बार से उपमुखिया भी बने। लेकिन देखते ही देखते सबकुछ बदल गया।

पांच दिनों का दर्द दे गया जीवन भर का शोक लगातार पांच दिनों से हो रही बारिश ने चकनिजाम में ऐसा दर्द दिया जिसे वहां के तीन लोगों का परिवार जीवन भर भूल नहीं पाएगा। हो सकता था पानी की यह धारा समय के साथ सूख जाती। यह भी हो सकता था कि जलनिकासी का इंतजाम बेहतर हो जाता। पर जो कुछ हुआ वह शायद उस परिवार के लिए जीवन भर शोक में डूबा रहे। गांव में एक साथ तीन मौत के बाद नहीं जले घरों में चूल्हे

चकनिजाम गांव में श्रवण, अनवर और सनौव्वर की मौत से मातमी सन्नाटा है। अंत्यपरीक्षण के बाद शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। सनौव्वर और अनवर का शव भेरोखड़ा में दफन किया गया। इस बीच वहां किसी के घर में चूल्हा नहीं जला। छह बच्चों के सिर से उठा गया साया,

तीन बेटियों से छिन गई ममता

श्रवण और अनवर के तीन-तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। दोनों के सिर से पिता का साया उठ गया। वहीं सनौव्वर की तीन बेटियां हैं। इन तीनों के सिर से मां की ममता छिन गई। शिक्षिका पत्नी बड़े जतन से अपनी तीनों बेटियों का लालन-पालन कर रही थी। पर नीयति को कुछ और मंजूर था। चाय भी नहीं पी सका श्रवण

हर सुबह सुबह श्रवण घर से पैदल जोगिया मठ चौक चाय पीने जाता था। मदन राय के घर के निकट उपमुखिया मो. हसनैन और श्रवण के बीच जल निकासी को लेकर तनातनी हो गई। उपमुखिया ने कमर से पिस्टल निकाला और सरेआम श्रवण के सीने में गोली दाग दी। उपमुखिया की पत्नी सनौव्वर खातुन, चाचा नूर आलम और भतीजा मो. अनवर की जमकर पिटाई कर दी। स्वजनों ने बताया कि सनौव्वर को पानी में डुबोकर मारा गया। बाद में ग्रामीणों ने सहयोग से शव को गडढे से बाहर निकाला गया। इस बीच सनौव्वर की बेटियों ने किसी-किसी तरह अपनी जान बचाई। आक्रोशित भीड़ ने आरोपित का घर फूंका श्रवण की हत्या की सूचना मिलते ही ग्रामीण उग्र हो गए। आक्रोशित लोगों ने उपमुखिया के घर को आग के हवाले कर दिया। घर के अंदर सभी सामान व एक चौपहिया वाहन जलकर राख गए। उपमुखिया ने अपने मकान में फीनो बैंक का ग्राहक सेवा केन्द्र खोल रखा था। वह भी पूरी तरह आग में जलकर राख हो गया। उपमुखिया के चाचा नूर आलम के घर भी तोड़फोड़ की गई। बुद्धिजीवियों ने पुलिस प्रशासन के साथ की पहल

घटना में तीन की मौत के बाद पुलिस प्रशासन के साथ-साथ बुद्धिजीवियों ने भी पहल की। यदि ऐसा नहीं हुआ होता तो मामले को सांप्रदायिक रूप देने से नहीं बचाया जा सकता था। पंचायत के मुखिया विश्वनाथ राय, समाजसेवी सह राजद के वरीय नेता फैजुर्ररहमान फैज लगातार वरीय प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ-साथ लोगों को शांत करने में सफल रहे। अभी भी घटनास्थल पर पुलिस कैंप कर रही है।

कोट वन

सड़क पर बारिश के पानी को एक ओर से दूसरी ओर निकालने के लिए उपमुखिया मो. हसनैन और श्रवण के बीच विवाद हुआ। इसी विवाद में उपमुखिया ने श्रवण की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके अलावे दो व्यक्ति जख्मी हैं। घटनास्थल पर काफी संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए हैं। स्थिति नियंत्रण में है।

अजिताभ कुमार, पुलिस महानिरीक्षक, दरभंगा प्रक्षेत्र

कोट टू

जल निकासी को लेकर दो पक्षों में झड़प हुई है। जो भी दोषी हैं, उसके खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। स्थिति पूर्णत: नियंत्रित है।

शशांक शुभंकर, जिलाधिकारी, समस्तीपुर


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.