दलसिंहसराय 32 नंबर रेलवे गुमटी पर 93 करोड़ की लागत से बनेगा आरओबी
समस्तीपुर। दलसिंहसराय शहर के लोगो को 32 नंबर रेलवे गुमटी पर लगने वाले जाम से बहुत जल्द छुटकारा मिल जाएगा।
समस्तीपुर। दलसिंहसराय शहर के लोगो को 32 नंबर रेलवे गुमटी पर लगने वाले जाम से बहुत जल्द छुटकारा मिल जाएगा। वहां बहुत जल्द आरओबी का निर्माण शुरू होगा। शनिवार की देर शाम केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने आरओबी निर्माण को मंजूरी देते हुए इसकी घोषणा की। इस निर्माण में 93 करोड़ की लागत आएगी। केंद्रीय मंत्री की घोषणा के बाद एक बार फिर लोगों में आरओबी निर्माण की आस जगी है। बताते चलें कि 32 नंबर गुमटी दलसिंहसराय शहर को दो भागों में बांटती है। गुमटी के एक ओर सरकारी कार्यालय, न्यायालय, अनुमंडल कार्यालय, प्रखंड कार्यालय, अग्निशमन कार्यालय, सहित अनुमंडलीय व निजी अस्पताल हैं, तो गुमटी की दूसरी ओर शहर की प्रमुख बाजार के साथ-साथ बस स्टैंड है। किसी भी आपात स्थिति में अग्निश्मन वाहन से लेकर मरीज को ले जाने वाली एंबुलेंस 32 नंबर गुमटी के जाम में हर दिन फंस जाती है। कई बार मरीजों की मौत तक एंबुलेंस में हो गई है ।
हर बार चुनावी मुद्दा बनता है 32 नंबर रेलवे गुमटी का निर्माण
शहर की लाइफ लाइन यह गुमटी हर बार चुनावी मुद्दा बनता है। लोकसभा चुनाव से लेकर नगर निकाय चुनाव में लोग इसे मुद्दा बनाते हैं। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की घोषणा के बाद अब चुनावी मुद्दे भी बदल जाएंगे । आरओबी निर्माण को लेकर कई वर्षो से उठ रही थी मांग शहर में बढ़ती जनसंख्या के साथ-साथ वाहनों की संख्या में वृद्धि के कारण आए दिन 32 नंबर रेलवे गुमटी पर जाम से लोग हर दिन जूझते रहे। समय के साथ बढ़ी जाम की समस्या को लेकर स्थानीय स्तर पर आरओबी निर्माण की मांग धीरे-धीरे जोर पकड़ने लगी। लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा के उम्मीदवार वर्तमान में केंद्रीय गृहराज्य मंत्री सह स्थानीय सांसद नित्यानंद राय ने चुनावी सभा के दौरान आरओबी निर्माण कराने की घोषणा की थी। इसके बाद पक्ष-विपक्ष दोनों के लिए यह मुद्दा बना हुआ था। हर बार चुनाव के समय आरओबी निर्माण शुरू होने की बात कही जाती थी, लेकिन निर्माण कार्य शुरू नहीं होने के कारण यह इसकी आलोचना भी हो रही थी।
लोगो ने जताया खुशी , कहा अब तो जरूर बनेगी आरओबी केंदीय मंत्री नितिन गडकरी की घोषणा के बाद अब लग रहा है की इस बार जरूर आरओबी निर्माण का निर्माण होगा। यह हम शहरवासियों के लिए काफी सुखद होगा। - हर्ष चौधरी, युवा ।
जाम की समस्या से निजात मिलेगी इससे अच्छी बात क्या होगी। हम लोगो का सपना अब पूरा होगा। अब केवल जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू हो जाए। - रंजीत साहु , शहरवासी।
केंद्र सरकार निरंतर विकास की ओर अग्रसर है। इसी का उदाहरण है 32 नंबर रेलवे गुमटी पर आरओबी निर्माण की घोषणा होना। ज्योति प्रसाद , व्यवसायी।
आरओबी निर्माण की घोषणा एक सपना था। जो अब साकार होने वाला है। अब निर्माण कब शुरू होगा हमें इस बात का इंतजार रहेगा। - रंजय सरकार , भाजपा कार्यकर्ता ।