बाइक सवार अपराधियों की तलाश में पुलिस ने बढ़ाई दबिश
पूसा थाना क्षेत्र के डॉ.राजेंद्र कृषि विश्वविद्यालय परिसर स्थित बीपीसीएल पेट्रोल पंप में दिनदहाड़े बाइक सवार अपराधियों ने पिस्टल की नोंक पर कर्मियों से लूटपाट की।
समस्तीपुर । पूसा थाना क्षेत्र के डॉ.राजेंद्र कृषि विश्वविद्यालय परिसर स्थित बीपीसीएल पेट्रोल पंप में दिनदहाड़े बाइक सवार अपराधियों ने पिस्टल की नोंक पर कर्मियों से लूटपाट की। इस क्रम में पंप के दो नोजल कर्मियों को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। इससे लगता है कि अपराधियों के मन में पुलिस प्रशासन का भय समाप्त हो चुका है। अपराधियों ने दिनदहाड़े घटना को अंजाम देकर पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती दी है। जबकि इससे पूर्व भी लूटपाट की कई घटनाएं हो चुकी है।
पेट्रोल पंप में नहीं लगे थे सीसीटीवी कैमरे
पेट्रोल पंप कर्मी से लूट के बाद स्थानीय पुलिस घटनास्थल की जांच की। पेट्रोल पंप परिसर में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए थे। इसके कारण घटना के बाद पुलिस को मामले की तफ्तीश करने परेशानी हो रही है। आसपास में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आधा दर्जन बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों ने कर्मियों से लूटपाट की। इस दौरान लूटपाट का विरोध करने पर अपराधियों द्वारा की गई फायरिग में दो कर्मी गंभीर रुप से जख्मी हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी हथियार लहराते हुए समस्तीपुर की ओर भाग निकले। घटना के दौरान पेट्रोल पंप पर पांच कर्मी कार्यरत थे। पेट्रोल पंप के मैनेजर नवीन कुमार वर्मा किसी काम से बैंक गए थे। पेट्रोल पंप कर्मियों ने प्रोपराइटर प्रानेश श्रीवास्तव को घटना की जानकारी दी। जानकारी के अनुसार दस माह पूर्व 6 मार्च 2019 को इस पेट्रोल पंप का उद्घाटन किया गया था। पेट्रोल पंप कर्मी से लूट की घटनाएं
केस 1
16 जुलाई 2019 को मुफस्सिल थाना के दुधपुरा चौक के निकट समस्तीपुर- ताजपुर मार्ग में मां वीणा पेट्रोल पंप के संचालक से हथियार के बल पर तीन लाख रुपये लूट लिया गया था। इस दौरान फायरिग भी की। हालांकि पंप संचालक बाल-बाल बच गए। फायरिग के बाद गोली बाइक की टंकी में लगी। घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। लेकिन, लूट की रकम वापस नहीं मिल सकी। केस 2
03 अक्टूबर 2019 को मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के बी.एलौथ स्थित जगदंबा पेट्रोल पंप के कर्मी से बाइक सवार अपराधियों ने हथियार के बल पर 8 लाख 94 हजार 620 रुपये लूट लिया। घटना के बाद सदर डीएसपी प्रीतिश कुमार के नेतृत्व में एसआइटी का गठन किया गया। इस मामले का भी पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए कुछ बदमाशों को गिरफ्तार करने की बात कही है।