विभूतिपुर में पुलिस ने किया बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़
विभूतिपुर थाना पुलिस को बुधवार अहले सुबह बाइक चोर गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने कुल आठ बाइक के साथ तीन चोर को गिरफ्तार कर लिया है।
समस्तीपुर । विभूतिपुर थाना पुलिस को बुधवार अहले सुबह बाइक चोर गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने कुल आठ बाइक के साथ तीन चोर को गिरफ्तार कर लिया है। रोसड़ा डीएसपी सहरियार अख्तर ने विभूतिपुर थाना परिसर में प्रेस वार्ता कर बुधवार को यह जानकारी पत्रकारों को दी। बताया कि आलमपुर गांव में अर्जुन दास के घर पुलिस ने छापेमारी की तो बाइक चोर गिरोह का साधू गिरि भी मौजूद था। पुलिस के आने की आहट पाकर दो चोर बगल के चौर के रास्ते भागने में सफल हो गया। जिसकी पहचान उजियारपुर थाना क्षेत्र के रायपुर गांव निवासी मणिकांत गिरि और गोरेलाल गिरि के रूप में की गई है। बताया कि अर्जुन दास और साधू गिरि को चोरी की सात बाइक के साथ पुलिस ने गिरफ्तार किया। पूछताछ के क्रम में गिरफ्तार चोरों की निशानदेही पर पुलिस ने गांव के ही कुंदन कुमार को चोरी की एक बाइक के साथ गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि अर्जुन दास चोरी की बाइक को पचाने में सहयोग करता था। जबकि साधू गिरि अपने शागिर्दो के साथ बाइक चोरी की इस घटना को अंजाम देता था। रोसड़ा डीएसपी ने बताया कि बाइक चोर के विरूद्ध गठित छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष कृष्ण चंद्र भारती, एसआई राजीव लाल पंडित, रामगति मांझी, फैजुल अंसारी, एएसआइ जोगेंद्र सिंह और भोगेन्द्र यादव शामिल थे। पुलिस सूत्रों की मानें तो 8 बाइक बरामदगी व अभियुक्त अर्जुन दास, साधू गिरि और कुंदन कुमार की गिरफ्तारी से दर्जनों कांड का खुलासा होने वाला है। पुलिस ने पूछताछ के दौरान थाना क्षेत्र के कई सफेदपोश लोगों को भी चिह्नित किया है। जिनका संरक्षण इस गिरोह को पहले से प्राप्त था। पुलिस चिह्नित लोगों के विरुद्ध भी साक्ष्य जुटाने में जुटी है। ताकि जल्द ही उनलोगों को भी गिरफ्तार किया जा सके।