उजियारपुर में चौर से जल निकासी नहीं, किसानों ने किया सड़क जाम
उजियारपुर प्रखंड की रामचंद्रपुर अंधैल पंचायत के विभिन्न चौरों के हजारों एकड़ भूमि में गत वर्ष हुई बारिश का पानी अब भी लगा हुआ है। इससे क्षेत्र के किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। किसानों की समस्या से अवगत होने के बावजूद जलनिकासी की सरकारी व्यवस्था नहीं की गई है।
समस्तीपुर । उजियारपुर प्रखंड की रामचंद्रपुर अंधैल पंचायत के विभिन्न चौरों के हजारों एकड़ भूमि में गत वर्ष हुई बारिश का पानी अब भी लगा हुआ है। इससे क्षेत्र के किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। किसानों की समस्या से अवगत होने के बावजूद जलनिकासी की सरकारी व्यवस्था नहीं की गई है। इससे क्षुब्ध किसानों ने शनिवार को माकपा के बैनर तले दलसिंहसराय-विशनपुर पथ को बुधन चौक के निकट जाम कर अपने गुस्से का इजहार किया। किसानों ने लगभग 4 घंटे तक सड़क जाम रखा। अत्यधिक जलजमाव के कारण पानी में डूबने से 3 लोगों की जान तक चली गई है। जलजमाव के कारण खेती नहीं हो पा रही है। जिससे खेत में काम करने वाले मजदूरों को भी काम नहीं मिल रहा है। जिससे उनकी आर्थिक स्थिति बिगड़ गई है। जाम स्थल पर मौजूद माकपा विधायक अजय कुमार ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले दिनों इस सवाल को सदन में भी उन्होंने उठाया था। परंतु कोई संतोषप्रद जवाब नहीं मिला। उन्होंने इस समस्या को लेकर जिलाधिकारी समेत अन्य आला अधिकारियों को भी अवगत कराया है। मौके पर दंडाधिकारी के रूप में मौजूद बीएओ विजय कुमार पासवान एवं सीओ अजीत कुमार झा ने आंदोलनकारियों को शीघ्र समस्या से निजात दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद सड़क से जाम हटा लिया गया। किसानों ने चेतावनी देते कहा कि यदि एक महीने के भीतर इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो फिर से आंदोलन किया जाएगा। अध्यक्षता लोकल कमेटी सदस्य विदेश्वर सिंह ने की। मौके पर माकपा के जिला मंत्री रामाश्रय महतो, अंचल सचिव उपेंद्र राय, उमेश सहनी, जगदीश महतो, रामप्रवेश चौरसिया, राम विनोद शर्मा, ललित पासवान, रामनाथ दास, नाथू दास, रंजीत शर्मा, राम प्रकाश दास, वीरेंद्र सिंह, नरेश सिंह आदि मौजूद थे।