बिहार में नीतीश कुमार का नाम नहीं, काम बोलता है : आरसीपी
खानपुर में जदयू के राष्ट्रीय महासचिव आरसीपी सिंह ने कहा कि बिहार में नीतीश कुमार का नाम नहीं बल्कि काम बोलता है। वर्ष 2005 के बाद से लगातार बिहार के चहुंमुखी विकास मुख्यमंत्री कर रहे हैं।
समस्तीपुर । खानपुर में जदयू के राष्ट्रीय महासचिव आरसीपी सिंह ने कहा कि बिहार में नीतीश कुमार का नाम नहीं, बल्कि काम बोलता है। वर्ष 2005 के बाद से लगातार बिहार के चहुंमुखी विकास मुख्यमंत्री कर रहे हैं। गली-गली सड़क, घर-घर बिजली, हर घर नल का जल, शिक्षा के क्षेत्र में चकाचक विद्यालय भवन, लड़कियों के लिए साइकिल, प्रत्येक जिले में इंजीनियरिग, आइटीआइ, कॉलेज, प्रत्येक पंचायत में उच्च विद्यालय खोले जा रहे हैं। 60 वर्ष के बाद बुजुर्गों के लिए पेंशन सहित अन्य जनकल्याणकरी योजनाएं चल रही हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में 76 प्रतिशत लोग खेती पर निर्भर हैं। किसानों को एक निश्चित आमदनी हो, इसपर हम सभी काम कर रहे हैं। लोग गांव मे रहकर बेहतर जीवन जी सके, इसके लिए पूरे बिहार के जमीन का भौगोलिक सर्वे कराने एवं उपज के अनुपात में गारंटी आय मिले, इसके लिए कानून बने इस पर हम सभी काम कर रहे हैं। वे गुरुवार को जदयू के विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उच्च विद्यालय सिरोपट्टी खतुआहा में हुए सम्मेलन में उन्होंने कहा कि नेता से बड़ा संगठन होता है। यदि संगठन मजबूत रहेगा तो सब आपको पूछेंगे। संगठन कमजोर रहने पर कोई पूछने वाला नहीं है। बिहार में प्रत्येक बूथ के अध्यक्ष, सचिव एवं कमेटी के सदस्य सक्रिय होकर कार्य करें। सम्मेलन को संबोधित करते हुए मंत्री महेश्वर हजारी ने कहा कि वारिसनगर विधानसभा समाजवादियों का गढ़ रहा है। यहां के लोग सम्मान के भूखे हैं। उन्होंने जल-जीवन-हरियाली की चर्चा करते हुए कहा कि कम से कम अगले पीढ़ी के भविष्य को लेकर जरूर इसमें आगे आएं। मानव श्रृंखला में भाग लेने की भी अपील की। सम्मेलन को विधायक अशोक कुमार मुन्ना, रामबालक सिंह, विधा सागर निषाद, रूदल सिंह, जिलाध्यक्ष अश्वमेध देवी, प्रदेश महासचिव डॉ. दुर्गेश राय, राम विलास सहनी, राम विलास राम, निर्मला देवी, बनारसी ठाकुर, ब्रजनदन राय उर्फ टूना जी आदि ने सम्बोधित किया। इससे पूर्व स्थानीय विधायक ने विधानसभा के सभी बूथ अध्यक्ष एवं सचिवों को चादर एवं एक पौधा देकर सम्मानित किया। अध्यक्षता विधानसभा प्रभारी शत्रुघ्न सहनी ने की। संचालन प्रखंड अध्यक्ष बालेश्वर राय ने किया। मौके पर युवा प्रखंड अध्यक्ष शिवनाथ महतो, मनोज कुमार महतो, वारिसनगर उपप्रमुख शिव शंकर महतो, संतोष चौधरी, राधा कृष्ण प्रसाद आदि मौजूद थे।