मोहनपुर में गंगा के जलस्तर में वृद्धि जारी
मोहनपुर में गंगा के जलस्तर में बुधवार को भी वृद्धि दर्ज की गई है। बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल दलसिंहसराय के मोहनपुर स्थित सरारी कैम्प से मिली जानकारी के अनुसार इसके जलस्तर में विगत चौबीस घंटे में 23 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई है।
समस्तीपुर । मोहनपुर में गंगा के जलस्तर में बुधवार को भी वृद्धि दर्ज की गई है। बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल दलसिंहसराय के मोहनपुर स्थित सरारी कैम्प से मिली जानकारी के अनुसार इसके जलस्तर में विगत चौबीस घंटे में 23 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई है। बुधवार की दोपहर 12 बजे यह 42.39 मीटर पर था, जो कि खतरे के निशान से 3 मीटर 11 सेंटीमीटर नीचे है। जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, दलसिंहसराय के अधिकारियों ने बुधवार को नदी किनारे बने कटाव-निरोधी बंडाल सह बांध का निरीक्षण किया। गंगा के जलस्तर को बढ़ता देखकर तटवासियों का अनुमान है कि इसबार क्षेत्र को भयंकर बाढ़ का सामना करना पड़ सकता है। बुजुर्ग बतलाते हैं कि गंगा के जलस्तर में इसबार समय से पूर्व अधिक बढ़ोत्तरी होते देखा जा रहा है। दूसरी ओर बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल द्वारा गंगा के उत्तरी तटबंध पर बने कटावनिरोधी बंडाल सह बांध के क्षतिग्रस्त भागों का मरम्मत कार्य लगभग पूरा होने को है। वहीं बाढ़ के समय उत्पन्न समस्याओं से निपटने के लिए फ्लडफाइटिग की तैयारियां भी तेज कर दी गई है। सीओ चंद्रकांत सिंह ने बताया कि बाढ़ की आशंका को देखते हुए नौका का निबंधन का कार्य किया जा रहा है।