पट खुलते माता के जयकारों से गूंज उठा पूजा पंडाल
शहर में दुर्गापूजा की रौनक अब परवान चढ़ गई है। महासप्तमी को मूर्तियों में प्राण प्रतिष्ठा के बाद पट खुल गया।
समस्तीपुर, जेएनएन। शहर में दुर्गापूजा की रौनक अब परवान चढ़ गई है। महासप्तमी को मूर्तियों में प्राण प्रतिष्ठा के बाद पट खुल गया। नवरात्रि के सातवें दिन श्रद्धाभाव से माता के सातवें स्वरूप कालरात्रि की पूजा अर्चना हुई। सुबह में पट खुलते ही माता रानी का दरबार जयकारों से गूंज उठा। शहर के लेकर गांव तक पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है। घंटा, घड़ियाल और शंख की ध्वनि से माहौल भक्तिमय हो गया है। शहर के कृष्णा टॉकिज, पुरानी दुर्गा स्थान, शिवदुर्गा मंदिर, हाउसिग बोर्ड मैदान, छोटे लाल चौक, माधुरी चौक, बारह पत्थर, शिवदुर्गा काली मंदिर, कर्पूरी बस पड़ाव, गंडक कालोनी, काली मंदिर, मूलचंद रोड, बस स्टैंड, ताजपुर रोड में आकर्षक पंडाल में माता की प्रतिमा को भव्य स्वरुप प्रदान किया गया है।
शिव दुर्गा मंदिर में चंद्रयान टू के तर्ज पर बना पूजा पंडाल
युवाओं के बढ़ते रुझान और नव प्रयोगों की चाहत में आधुनिकता का पुट नवरात्रा में भी दिख रहा है। पूजा पंडालों में देश भक्ति का जज्बा, देश की शक्ति को आदि शक्ति की भक्ति से जोड़ता दिख रहा है। शिव दुर्गा मंदिर में चंद्रयान टू के तर्ज पर पूजा पंडाल को आकर्षक तरीके से निर्माण किया गया है। पूजा स्थल पर माता की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। वहीं दूसरी ओर बारह पत्थर स्थित शिव दुर्गा काली मंदिर और हाउसिग बोर्ड मैदान में भव्य और आकर्षक पंडाल बनाया गया है।