सिलेंडर फटने से लगी आग, तीन घर जले
सरायरंजन थाना क्षेत्र के मनिका गांव में शुक्रवार की शाम खाना बनाने के दौरान सिलेंडर के ब्लास्ट करने से लगी आग में तीन घर जलकर पूरी तरह से राख हो गए। इस अगलगी में करीब लाखों की संपत्ति के जल जाने की आशंका है।
समस्तीपुर । सरायरंजन थाना क्षेत्र के मनिका गांव में शुक्रवार की शाम खाना बनाने के दौरान सिलेंडर के ब्लास्ट करने से लगी आग में तीन घर जलकर पूरी तरह से राख हो गए। इस अगलगी में करीब लाखों की संपत्ति के जल जाने की आशंका है। घटना के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे सुनील झा की पत्नी घर में खाना बना रही थी। इसी दौरान अचानक गैस लीक होने लगी और सिलेंडर में आग लग गई। आग लगने के बाद महिला किसी तरह जान बचाकर शोर मचाते हुए बाहर भागी। वहीं, सिलेंडर ब्लास्ट करने के बाद उनके भाई अनिल कुमार झा एवं कृष्ण देव झा के भी घर आग की चपेट में आ गए। महिला के शोर मचाने पर व आग की लपट को देखकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक तीनों घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। वहीं, सुनील झा के घर में रखे बाइक, साइकिल, बर्तन, वस्त्र एवं 50 हजार नकदी सहित अन्य उपस्कर जलकर राख हो गए। इस अगलगी में करीब छह लाख से अधिक की क्षति का अनुमान बताया जा रहा है। आग की लपट को देखकर स्थानीय ग्रामीण ने पंपसेट चला कर आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगे। वहीं ग्रामीणों ने इस घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सरायरंजन थाने की पुलिस दमकल को भेजकर आग पर काबू पाया। इधर, मुखिया अरुण कुमार झा एवं सरपंच मनीष कुमार झा ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। वहीं पूर्व जिला पार्षद रंजीत निर्गुणी ने अग्निपीड़ितों से मिलकर यथा संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया है।