सीएम ने डीएम से कहा- बहुत अच्छा कलेक्शन, ले जाऊंगा
समस्तीपुर। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को जीकेपी कॉलेज कर्पूरीग्राम में जननायक के तैल्य चित्र पर माल्यार्पण के लिए जाने के दौरान जिला प्रशासन की ओर से लगी प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
समस्तीपुर। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को जीकेपी कॉलेज कर्पूरीग्राम में जननायक के तैल्य चित्र पर माल्यार्पण के लिए जाने के दौरान जिला प्रशासन की ओर से लगी प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। एक प्रदर्शनी में सीएम के सात निश्चय एवं आरटीपीएस के माध्यम से मिलनेवाले अधिकारों के बारे में जानकारी दी गई थी। बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री ग्रामीण पेयजल निश्चय योजना, मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना, मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता योजना, बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री ग्रामीण गली-नाली पक्कीकरण योजना, कुशल युवा कार्यक्रम के बारे में बताया गया था। जबकि, दूसरे लिफाफे में बिहार लोक सेवाओं का अधिकार अधिनियम 2011 एवं बिहार लोक शिकायत अधिकार अधिनियम 2015 के बारे में जानकारी दी गई थी। इन सभी योजनाओं को दो लिफाफे के अंदर रखकर प्रदर्शित किया गया था। इसे आमलोगों के बीच वितरित भी किया जा रहा था। यह देख सीएम ने काफी प्रसन्नता जताई। इसके लिए मुख्यमंत्री ने डीएम शशांक शुभंकर की प्रशंसा की। कहा कि बहुत अच्छा, मैं इसे साथ लेते जाऊंगा। इसके बाद डीएम ने इसे सीएम के हेलीकॉप्टर में भिजवा दिया। समस्तीपुर में बनाई गई मानव श्रृंखला की चित्र प्रदर्शनी का भी मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया। उन्होंने एक-एक कर विभिन्न चित्रों को गौर से देखा और विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी के साथ इसकी चर्चा भी की। वित्तरिहत शिक्षा कर्मियों ने सीएम को बताई अपनी पीड़ा
जेकेपी कॉलेज के वित्तरहित शिक्षा कर्मियों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से अपनी पीड़ा सुनाई। उन्होंने सरकार से लंबित कॉलेज को मिलने वाली अनुदान का आवंटन करने की मांग की। वहीं, वित्तरिहत शिक्षा कर्मियों को नियमित रूप से वेतन देने की गुहार लगाई। मुख्यमंत्री ने उन सभी की बातें गौर से सुनीं और इस पर विचार करने का भरोसा भी दिलाया। इधर, जनता दल यू व्यावसायिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष द्वारा जल-जीवन-हरियाली से संबंधित एक एलबम मुख्यमंत्री को भेंट किया गया।