पिता-पुत्र हत्याकांड में पिस्टल व कारतूस समेत आरोपित गिरफ्तार
ताजपुर थाना क्षेत्र के मोरवा डीह में पिता-पुत्र हत्या मामले के मुख्य आरोपित को पुलिस ने हथियार समेत गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल व चार कारतूस बरामद किया है।
समस्तीपुर । ताजपुर थाना क्षेत्र के मोरवा डीह में पिता-पुत्र हत्या मामले के मुख्य आरोपित को पुलिस ने हथियार समेत गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल व चार कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपित डकैती व वाहन लूट समेत कई मामलों में वांछित है। पुलिस को काफी समय से इसकी तलाश थी। सोमवार को सदर अनुमंडल पदाधिकारी प्रितिश कुमार ने प्रेसवार्ता कर कहा कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपित मोरवा गाछी में अपने अन्य सहयोगियों के साथ अपराध की साजिश बना रहा है। प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उक्त स्थल पर छापेमारी कर हथियार समेत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान कन्हैया ठाकुर के पुत्र विनय ठाकुर के रूप में हुई है। वह पिता पुत्र हत्याकांड का मुख्य आरोपित है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने पूर्व में घटनास्थल से चार खोखा बरामद किया था। एफएसएल द्वारा बरामद पिस्टल और घटनास्थल से बरामद खोखा का मिलान कराया जाएगा। ताकि न्यायालय में आरोपित की अधिकतम सजा दी जा सके। इस कांड को त्वरित कार्रवाई के लिए न्यायालय में भेजा जाएगा। पूर्व से भी रहा है आपराधिक इतिहास
डबल मर्डर हत्याकांड के मुख्य आरोपित विनय ठाकुर का पूर्व में आपराधिक इतिहास रहा है। आरोपित के विरुद्ध मुफस्सिल थाना, वैशाली जिला के जंदाहा, बेगूसराय के लाखो थाना में लूट और डकैती के मामले दर्ज हैं। मुफस्सिल थाना कांड संख्या 283/19 मुसरीघरारी रोड स्थित सुधा डिस्ट्रीब्यूटर डकैती कांड में वांछित है। जंदाहा थाना कांड संख्या 287/18 में जंदाहा बाजार से जैविक खाद लदे पिकअप लूट तथा बेगूसराय जिला के लाखो थाना क्षेत्र स्थित एनएच से दाल लदे ट्रक लूट कांड में संलिप्तता स्वीकार की है। इधर, काफी दिनों से संगठित गिरोह चला रहा था। बिना नंबर की बाइक दरवाजे पर लगाने के लेकर हुआ था विवाद
ताजपुर थाना क्षेत्र के मोरवा डीह में बीते 19 अक्टूबर को अपराधियों ने गोली मारकर पिता पुत्र की हत्या कर दी थी। पिता-पुत्र ने बिना नंबर की बाइक दरवाजे पर लगाने का विरोध किया था। इसके बाद अपराधियों ने पिता पुत्र को गोली मारकर हत्या कर दी। इस बाबत पीड़ित परिवार द्वारा स्थानीय थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। दर्ज प्राथमिकी में विनय ठाकुर नामजद समेत चार अज्ञात को आरोपित किया था।