पुलिस पर हमला मामले में गावपुर का न्याय मित्र गिरफ्तार
उजियारपुर थाना क्षेत्र की चांदचौर करिहारा पंचायत में उजियारपुर पुलिस पर गुरुवार को हमला करने के मामले में गावपुर ग्राम कचहरी के न्यायमित्र को पुलिस ने बतौर आरोपित गिरफ्तार किया है।
समस्तीपुर । उजियारपुर थाना क्षेत्र की चांदचौर करिहारा पंचायत में उजियारपुर पुलिस पर गुरुवार को हमला करने के मामले में गावपुर ग्राम कचहरी के न्यायमित्र को पुलिस ने बतौर आरोपित गिरफ्तार किया है। उनकी गिरफ्तारी पुलिस ने शुक्रवार को छापेमारी कर की है। थाना क्षेत्र के माधोडीह निवासी सह दलसिंहसराय कोर्ट में अधिवक्ता व न्यायमित्र पृथ्वीराज गिरि पर गुरुवार को हत्यारोपित करिहारा पंचायत के मुखिया मनोरंजन कुमार गिरि को पुलिस गिरफ्त से भगाने के लिए पुलिस दल पर हमला करवाने के लिए लोगों की भीड़ को संगठित कर उकसाने का आरोप लगाया गया है। मामले में थानाध्यक्ष विश्वजीत कुमार ने बताया कि गिरफ्तार हत्यारोपित मनोरंजन गिरि को भगाने में मास्टरमाइंड की भूमिका निभाई है। बताते चले कि विगत गुरुवार को उजियारपुर पुलिस टीम ने करिहारा पंचायत के मुखिया मनोरंजन गिरि के घर पर कोर्ट का कुर्की इश्तेहार चिपकाने के दौरान आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया था। इसी बीच मुखिया समर्थकों ने मजमा बनाकर पुलिस टीम पर हमला बोलकर गिरफ्तार मुखिया को छीन कर भगा दिया। दहेज हत्या मामले में सास गिरफ्तार
हसनपुर : दहेज में बाइक नहीं देने पर गर्भवती महिला की हत्या मामले में दर्ज केस में पुलिस ने आरोपित सास शांति देवी को शुक्रवार की रात गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बता दें कि थाना क्षेत्र के आतापुर गांव में दहेज में मोटरसाइकिल नहीं दिए जाने के कारण नवविवाहिता गर्भवती 22 वर्षीया आरती देवी को ससुराल वालों ने 13 सितंबर 2020 को गला दबाकर हत्या कर शव को करेह नदी में फेंककर फरार हो गया था। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे बेगूसराय जिले के तेतरी डंडारी निवासी मृतका के पिता रंजीत सोनी ने घटना की सूचना स्थानीय थाने को देते हुए शव बरामदगी की गुहार लगाई। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए गोताखोरों की मदद से करेह नदी से शव बरामदगी का प्रयास किया। मगर सफलता नहीं मिल सकी। तत्पश्चात मृतका के पिता द्वारा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। जिसमें पति, सास, ससुर समेत 8 लोगों को नामजद किया गया था। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद सभी नामजद आरोपित फरार चल रहे थे। लेकिन शुक्रवार की रात गुप्त सूचना के आधार पर कांड के अनुसंधानकर्ता अवर निरीक्षक अजित कुमार ने शांति देवी को गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया है।