अध्यात्मिक शिक्षा को मजबूत करने से समाज का होगा निर्माण
समस्तीपुर। उजियारपुर व्यवस्थित समाज की स्थापना के लिए वर्तमान पीढ़ी के युवा किशोर एवं बच्चों का अध्यात्मिक विकास बहुत ही आवश्यक है।
समस्तीपुर। उजियारपुर, व्यवस्थित समाज की स्थापना के लिए वर्तमान पीढ़ी के युवा, किशोर एवं बच्चों का अध्यात्मिक विकास बहुत ही आवश्यक है। समस्त मानव जाति में एकता का भाव जगाने के लिए धर्म के मूल तत्वों की समझ विकसित करना होगा। तभी एक ऐसे समाज की स्थापना होगी, जिसकी जरूरत समूचे विश्व को है। भागवान बहाउल्लाह की शिक्षा मानव जाति की एकता कायम करने, शांति के मार्ग पर चलने तथा मृतप्राय मानवीय चेतना को सजीव करने के लिए अमृत के समान है। यह बात मालती पंचायत में बहाई विश्व धर्म के सदस्यों द्वारा आयोजित नवरुज उत्सव को संबोधित करते हुए पूर्व सरपंच सुनील कुमार सिंह ने कही। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व मुखिया राजेंद्र प्रसाद सिंह ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान परिवेश में लोगों के बीच आपसी वैमनस्यता और कटुता बढ़ रही है। धार्मिक पुस्तकों में मानव समाज के उत्थान के लिए दिए गए निर्देश सिमटकर रह गए हैं। बाहरी आडंबर पांव पसार रही है। लोगों को आडंबर छोड़कर समाज के निर्माण में लगना चाहिए। यही ईश्वर की सच्ची भक्ति है। समारोह की अध्यक्षता मंतोष कुमार ने की। निधिश्री के नेतृत्व में सामूहिक प्रार्थना, बहाई गीत तथा पवित्र लेखों का पाठ किया गया। मौके पर शिक्षक रामवरण पासवान, मो.फूलहसन, रागिनी कुमारी, अंजुली कुमारी, आरती कुमारी, अविनाश कुमार, अभिषेक कुमार, मधुश्री, मनीषा कुमारी सहित अन्य मौजूद थे।