तीनों कृषि कानून किसान विरोधी : दास
तीन नए कृषि कानून किसान विरोधी हैं। खासकर छोटे स्तर के किसानों को इससे काफी नुकसान है। उक्त बातें कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रभारी भक्त चरण दास ने कहीं। वे समस्तीपुर में किसान महापंचायत को संबोधित कर रहे थे।
समस्तीपुर । तीन नए कृषि कानून किसान विरोधी हैं। खासकर छोटे स्तर के किसानों को इससे काफी नुकसान है। उक्त बातें कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रभारी भक्त चरण दास ने कहीं। वे समस्तीपुर में किसान महापंचायत को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। तीन माह से अधिक हो गए, तीनों नए कृषि कानून के खिलाफ किसान सत्याग्रह कर रहे हैं। दूसरी ओर सरकार किसानों की मांगों की अनदेखी कर केंद्र की सत्तासीन भाजपा चुनावी प्रचार में लगी है। यह लोकतंत्र की अवमानना है। किसानों के मान सम्मान को ठेस पहुंचा है। सरकार ने तीन नए कृषि कानून लाकर पूंजीपतियों को खुली छूट दी है। जबतक केंद्र इसे वापस नहीं लेता, तबतक कांग्रेस का विरोध कार्यक्रम जारी रहेगा। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अनिल शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार ने कृषि कानून लाकर किसानों को बर्बाद कर दिया है। इसके अलावे बेरोजगारी, गरीबी, महंगाई चरम पर है। यह जनता की सरकार नहीं, बल्कि पूंजीपतियों की सरकार है। कार्यकारी अध्यक्ष श्याम सुंदर सिंह धीरज ने कहा कि केंद्र सरकार को अविलंब कृषि कानून को वापस लेना चाहिए। जबतक कृषि बिल वापस नहीं किया जाता, कांग्रेस किसानों के पक्ष में आंदोलन करती रहेगी। विधान पार्षद प्रेमचंद्र मिश्रा ने कहा कि यह सत्याग्रह आंदोलन बिहार में एक नई क्रांति की शुरुआत है। अमिता भूषण ने कहा कि किसानों के खिलाफ केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा लाए गए तीन काले कानून की वापसी लेकर रहेगी। सरकार पूंजीपतियों को खुश करने में लगी है। जबतक केंद्र सरकार इस किसान विरोधी कानून को वापस नहीं लेगी कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी। इसके पूर्व कांग्रेस जिला कमेटी की ओर से प्रदेश प्रभारी के नेतृत्व में शहर के नक्कू स्थान से पदयात्रा निकाली गई। काफी संख्या मे कार्यकर्ताओं ने मोहनपुर रोड, स्टेडियम चौराहा, समाहरणालय, ओवरब्रिज, मगरदहीघाट होते हुए मथुरापुर गोलंबर चौराहा पहुंचे। इस दौरान केंद्र व राज्य के सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके उपरांत जिलाध्यक्ष अबू तमीम की अध्यक्षता में किसान महापंचायत का आयोजन हुआ। वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। इसे युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गुंजन पटेल, अजय कुमार सिंह, डॉ. अजय सिंह, अजय कुमार यादव, कुंदन गुप्ता, दौलत इमाम, पूनम पासवान, अमित कुमार टून्ना, कुमार आशीष आदि ने संबोधित किया।