जलनिकासी के लिए शहर में बनाया जा रहा है कच्चा नाला
संस सहरसा विगत एक सप्ताह से जलजमाव के कारण शहर की स्थिति बेहद ही खराब हो गई है। जलनिकासी के लिए दो दर्जन से अधिक पंपसेट लगाया गया परंतु यह प्रयोग अबतक सफल नहीं हुआ है। फलस्वरूप पूरे शहर में त्राहिमाम की स्थिति है।
संस, सहरसा: विगत एक सप्ताह से जलजमाव के कारण शहर की स्थिति बेहद ही खराब हो गई है। जलनिकासी के लिए दो दर्जन से अधिक पंपसेट लगाया गया, परंतु यह प्रयोग अबतक सफल नहीं हुआ है। फलस्वरूप पूरे शहर में त्राहिमाम की स्थिति है। इस समस्या के निदान के लिए डीएम के निर्देश पर सदर अस्पताल से मत्स्य विभाग परिसर तक कच्चा नाला बनाया जाने लगा है। सदर अस्पताल से रेडक्रास, जीएनएम स्कूल, संजय पार्क होते इस क्षेत्र के पानी को मत्स्य विभाग व पटेल मैदान में गिराने की तैयारी चल रही है। जेसीबी से नाला बनाया जा रहा है। नाला बनाने के बाद ही न्यू कालोनी, अस्पताल कालोनी, कन्या विद्यालय आदि का पानी निकाला जा सकता है। इससे पूर्व पंपसेट के माध्यम से शहर के कई मोहल्ले से पानी निकालने का प्रयास किया जा रहा है, परंतु नालियों का समन्वय नहीं रहने और निकासी की व्यवस्था नहीं रहने के कारण पानी उसी स्थान पर आ जाता है। नगर परिषद की कुछ नालियों को वुडकों की नालियों से कनेक्ट किया गया, परंतु वुडको के नाला का भी निकासी नहीं हो रहा है। ऐसी स्थिति में कोई खास फायदा नहीं हो पाया है। वर्ष 2017 में जब शहर का यही हाल हो गया था, तो कच्चा नाला चीरकर ही पानी का निकासी किया गया था। पंपसेट से जलनिकासी नहीं हो पाने के कारण नगर परिषद ने पुन: वही प्रयोग किया है।