कमियों को ढूंढ़कर अपनी प्रतिभा में निखार लाएं बच्चे: जिला जज
संस सहरसा जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत चल रहे जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन बुधवार को प्लेस आफ सेफ्टी सहरसा में किया गया।
संस, सहरसा: जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत चल रहे जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन बुधवार को प्लेस आफ सेफ्टी सहरसा में किया गया।
इस मौके पर विधि विवादित बच्चों को संबोधित करते हुए जिला एवं सत्र न्यायाधीश विनोद कुमार शुक्ला ने कहा कि आप सभी अपनी कमियों को ढूंढे और सुधार कर अपने अंदर छिपी प्रतिभा का विस्तार करें। कहा कि आप से गलती हुई है तो उसमें सुधार किया जा सकता है। यहां आप अपने अधिकारों के बारे में सोचते हैं, लेकिन यह भी सोचना चाहिए कि आपके माता-पिता किस अवस्था में होंगे। आपकी पेशी के दिन उनपर क्या बीतता होगा। आप खुद उनकी स्थिति का ख्याल रखें। कहा कि प्लेस आफ सेफ्टी में अच्छे पुस्तकों का अध्ययन करें, मेरी शुभकामना है कि आप बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकेंगे।
अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश मोतीश कुमार सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी बच्चे यह सोचिए कि आप ने क्या खोया और क्या पाया? आपने थोड़ी गलती की है, तो उसमें सुधार का मौका है। उसे कर सकते हैं। इसी में से कुछ इंजीनियर और डाक्टर भी बन सकते हैं। कानून ने तो अधिकार दिया हैं, लेकिन आप कर्तव्य पर भी ध्यान दें।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रवि रंजन ने बच्चों को नालसा से जुड़े कार्यक्रमों के बारे में बताया और कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर, महिला एवं बच्चों को मुफ्त विधिक सहायता प्राप्त कराई जाती है। इस मौके पर सीजेएम सरोज कीर्ति ने बच्चों को मुख्यधारा में आने का सुझाव देते हुए कहा कि हो सकता है किसी समस्या के कारण या परिस्थिति के कारण आप विधि विवादित हुए, लेकिन यह सबसे बड़ी बात यह है कि आप का जन्म मनुष्य में हुआ है। आपको बहुत सारे अवसर मिलेंगे। आप सामाजिक दायित्व को समझें। किशोर न्याय परिषद के सदस्य अरविद कुमार झा ने न्यायिक अधिकारियों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि आप लोगों ने बच्चो को मार्गदर्शन दिया, उम्मीद है कि बच्चे इस पर अमल करें। मौके पर बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष प्रणव कुमार सिंह, सदस्य सैयद हसन चिश्ती, प्लेस ऑफ सेफ्टी के अधीक्षक मृग शेखर श्रीवास्तव, काउंसेलर पुष्पांजलि कुमारी, विधिक सेवा प्राधिकार के लिपिक पवन कुमार, किशोर न्याय परिषद के पैनल अधिवक्ता, आवासीय बच्चे एवं प्लेस आफ सेफ्टी के कर्मी मौजूद रहे।