नारी सम्मान के लिए तीन तलाक कुप्रथा को किया गया समाप्त : भाजपा
सहरसा। तीन तलाक समाप्त होने के एक वर्ष पूरा होने पर शनिवार को भाजपा महिला मोर्चा द्वारा वर्चु
सहरसा। तीन तलाक समाप्त होने के एक वर्ष पूरा होने पर शनिवार को भाजपा महिला मोर्चा द्वारा वर्चुअल कार्यक्रम आयोजित किया गया। सहरसा से ऑनलाइन जुड़ी महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष लाजवंती झा ने कार्यक्रम की शुरूआत करते हुए इसके विषयवस्तु पर प्रकाश डाला और इसे नारी सम्मान नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा उठाया गया ऐतिहासिक कदम कहा। मुख्यवक्ता केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि नारी सशक्तिकरण, नारी न्याय, नारी गरिमा और सम्मान के लिए तीन तलाक पर रोक का कानून बनाया गया। इससे देशभर में तीन तलाक के मामले में भारी कमी आई है। कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा मुस्लिम महिलाओं के मौलिक अधिकार दिलाना महिलाओं के प्रति संकल्प का परिचायक है। उन्होंने अपने सरकारी कार्यों का वर्णन करते हुए कहा कि बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के उत्पीड़न के खिलाफ बनाए गए सभी कानून में सभी दल के लोग एकजुट रहे, परंतु तीन तलाक के मामले में विवाद देखकर हमलोग भी आश्चर्यचकित रह गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष लाजवंती झा ने कहा कि आज का दिन न सिर्फ मुस्लिम महिलाओं के लिए बल्कि पूरे देश की महिलाओं के सम्मान का दिन है। उन्होंने महिलाओं के हित में सरकार के विभिन्न कार्यों की विस्तृत चर्चा की। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि इस कार्यक्रम में बिहार के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग चार सौ की संख्या में महिलाएं जुड़ी, जिसमें बड़ी संख्या में मुस्लिम महिलाएं भी शामिल रही। राष्ट्रीय महिला मोर्चा उपाध्यक्ष रेणु जी, राष्ट्रीय महामंत्री कमला ताई ने तीन तलाक पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री प्रयिम्बदा केसरी ने किया जबकि तकनीकी संचालन शोभा सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रदेश महामंत्री परिणीता सिंह द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश महिला मोर्चा प्रभारी निवेदिता सिंह, उपाध्यक्ष शालिनी वैशिक्यर, सरोज जायसवाल, सरला रजक, सोशल मीडिया प्रभारी सीमा सिंह, कार्यालय मंत्री नीलांजला भटाचार्य समेत सभी जिलाध्यक्ष चर्चा में ऑनलाइन जुड़ी।