देवानंद और उनके स्वजनों का रद होगा हथियार का लाइसेंस
संवाद सूत्र, सहरसा: एक दिन पहले ही जिले के सौरबाजार प्रखंड के इनरवा मध्य विद्यालय मतदान केंद्र के बा
संवाद सूत्र, सहरसा: एक दिन पहले ही जिले के सौरबाजार प्रखंड के इनरवा मध्य विद्यालय मतदान केंद्र के बाहर हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस प्रशासन ने कड़ा रूख अख्तियार किया है। बदमाश देवानंद यादव के लाइसेंसी हथियार सहित उसके परिवार के अन्य सदस्य के आर्म्स का लाइसेंस को रद करने की अनुशंसा पुलिस अधीक्षक लिपि सिंह ने जिलाधिकारी से की है।
एसपी ने बताया कि इनरवा मध्य विद्यालय बूथ पर मतदाताओं को भयभीत करने के उद्देश्य से ही हवाई फायरिग की गयी जिससे मतदाता भयभीत हो सकें। इससे पहले ही बदमाश देवानंद यादव का हथियार के साथ वीडियो वायरल हुआ था। इसी मामले में पहले भी पुलिस अधीक्षक लिपि सिंह ने उसके लाइसेंसी हथियार का लाइसेंस रद करने की अनुशंसा डीएम से की थी। इस मामले में उसके हथियार को जमा करवा लिया गया था। इधर इनरवा में गोलीबारी की घटना के बाद एसपी ने इसबार फिर से उसके लाइसेंसी हथियार सहित उसके परिवार के एक अन्य सदस्य के पास पिस्तौल का लाइसेंस रद करने की अनुशंसा डीएम से कर दी है। एसपी की इस कार्रवाई से तो इतना तो तय है कि बूथ पर उसने अवैध हथियार से ही फायरिग की थी। गोलीबारी की घटना को लेकर पुलिस ने कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी है। पंचायत चुनाव के दौरान जिले के सौरबाजार प्रखंड में ही तीन-तीन जगहों पर फायरिग की घटना घटित हुई थी जिसमें एक व्यक्ति सहुरिया पश्चिमी में बूथ के बाहर जख्मी भी हो गया था। इसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।