घुंघट की ओट में नई नवेली दुल्हनों ने भी उत्साहपूर्वक डाला वोट
लोकतंत्र के महापर्व में महिलाओं ने भी खुलकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
रोहतास। लोकतंत्र के महापर्व में महिलाओं ने भी खुलकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। घुंघट की ओट में नई नवेली दुल्हनों ने भी मतदान केंद्र तक पहुंच उत्साहपूर्वक वोट डाला। अब महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराने लगी है। जिसका जीता-जागता मिसाल बुधवार को विधानसभा चुनाव में मतदान के दौरान अपना मत देने जाती महिलाओं में देखा गया। घुंघट ओढ़े महिला वोटरों ने पूछे जाने पर बताया कि समाज व परिवार के संस्कार और उनकी कद्र के लिए यह घुंघट है। देश व राज्य सरकार में चुनाव के दौरान अपना प्रतिनिधि चुनने के लिए घुंघट कहीं से आडे नहीं आता। ऐसे में महिला मतदाताओं की यह जागरूकता उनके सशक्तीकरण का परिचायक कहा जाएगा। महिलाओं ने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में सबकी सहभागिता जरूरी है। ऐसे में हम अपने मतों का प्रयोग कर अपनी पूर्ण सहभागिता निभाने आई हैं।