होली का चढ़ा रंग, घर लौटने लगे लोग
रोहतास। आपसी प्रेम व भाईचारे का प्रतीक रंगों का त्योहार होली में एक सप्ताह से भी कम समय र
रोहतास। आपसी प्रेम व भाईचारे का प्रतीक रंगों का त्योहार होली में एक सप्ताह से भी कम समय रह गया है। होली का रंग हर किसी के सिर चढ़ बोलने लगा है। रंग व अबीर-गुलाल से बाजार पट गए हैं। नए कपड़ों की खरीदारी भी शुरू हो गई है। दूसरे शहरों व प्रदेशों में रोजी रोटी के लिए गए लोग अब घर के लिए लौटने लगे हैं। ढोल मजीरे की ताल पर होरी गीत से माहौल खुशनुमा हो गया है।
23 को होलिका दहन व 24 को होगा रंगोत्सव :
ज्योतिषाचार्य पंडित सुदर्शन पांडेय बताते हैं कि 22 मार्च को आधी रात के बाद होलिका दहन होने के कारण रंगोत्सव 24 मार्च को मनाया जाएगा। 22 मार्च को आधी रात के बाद सुबह 3.18 तक भद्रा है। इस कारण 3.18 के बाद सुबह में होलिका दहन कार्य संपन्न होगा, जो 23 मार्च में पड़ेगा। जबकि 24 मार्च को होली खेली जाएगी।
रंग अबीर से पटा बाजार :
बाजार में रंग अबीर व गुलाल ने भी दस्तक दे दिया है। इसके अलावा उजले रंग के कुर्ता-पायजामा भी बाजार में आ गए हैं। केमिकल रहित रंग-अबीर, रावाईश, बम पटाखा सहित बच्चों के मनोरंजन के अन्य सामानों की दुकानें भी सज गई है। इसकी खरीदारी भी तेज हो गई है। होलिका दहन को ले जगह- जगह रेड़ रख लोगों ने संबत गोसाई का आह़वान किया है। बच्चे प्रतिदिन जलावन के रूप में लकड़ी, गोईठा व पुआल इकट्टा कर उसमें डाल रहे हैं।