किसानों को मिले सौ फीसद मुआवजा
रोहतास। दो दिन पूर्व जिले के विभिन्न प्रखंडों में हुई ओलावृष्टि से खेतों में कुछ नहीं बचा है। इस
रोहतास। दो दिन पूर्व जिले के विभिन्न प्रखंडों में हुई ओलावृष्टि से खेतों में कुछ नहीं बचा है। इसलिए किसानों को सरकार सौ फीसद मुआवजा उपलब्ध कराए। स्थानीय परिसदन में पूर्व विधायक सह भाजपा के वरिष्ठ नेता रामेश्वर चौरसिया ने रविवार को सासाराम, शिवसागर व चेनारी प्रखंड के विभिन्न गांवों का दौरा करने के बाद उक्त बातें कही।
उन्होंने कहा कि बर्फ के गोले इतने बड़े थे कि फसलों की बात कौन कहे, उसकी जद में आ दरिगांव में एक भैंस मर गई। किसानों की खेत में लगी प्याज, लहसुन, मटर, चना,गेहूं, सरसों सब चौपट हो गया है। गनीमत यह कि यह ओलावृष्टि रात को हुई। दिन में हुआ रहता तो काफी संख्या में लोग हताहत हो जाते। उन्होंने बताया कि सासाराम प्रखंड में दरिगांव, करसेरुआ, सिकरियां, शिवसागर में नाद, आलमपुर, महम्मदपुर, कोनकी, रायपुर चोर आदि पंचायत की खेतों में कुछ बचा ही नहीं है। सबसे ज्यादा नुकसान गैर रैयत किसानों को हुआ है। उन किसानों ने तो जैसे-तैसे करके रैयत को मनी का धान या मालगुजारी की राशि दे दी है। लेकिन जब अपने घर अनाज ले जाने की बारी आई, तो सबकुछ खत्म हो गया। पूर्व विधायक ने कहा कि कई गरीब लोगों के घर भी ध्वस्त हो चुके हैं। इसलिए सरकार को इस पर संवेदनापूर्वक विचार कर तत्काल मुआवजा देनी चाहिए। उन्होंने धान की फसल के हुए नुकसान की जिला प्रशासन द्वारा गलत रिपोर्ट सरकार को भेजने पर भी नाराजगी जताई। कहा कि अधिकारी क्षति का आकलन पारदर्शिता के साथ करें। अन्यथा उन्हें सड़क पर उतरने के लिए विवश होना पड़ेगा।