पुलिस-पब्लिक संबंध बेहतर बनाने का किया वादा
संस पूर्णिया पूर्व (पूर्णिया) मुफस्सिल थाना परिसर में नए थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता
संस, पूर्णिया पूर्व (पूर्णिया) : मुफस्सिल थाना परिसर में नए थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों के साथ बुधवार को परिचय व शांति व्यवस्था को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से नव निर्वाचित प्रतिनिधि, जिला पार्षद, मुखिया, सरपंच,पंचायत समिति,वार्ड सदस्य व वार्ड पंच आदि मौजूद थे। बैठक में थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम का संचालन करते हुए जिला परिषद राजीव सिंह ने कहा कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र गांधी-विनोबा का कर्म क्षेत्र रहा है, यहां हर वक्त शांति और अमन का पैगाम लोगों को दिया जाता रहा है। इसलिए हम लोगों का प्रयास रहेगा कि क्षेत्र में हमेशा शांति कायम रहे तथा पुलिस प्रशासन को हर संभव मदद किया जाएगा।
पूर्णिया पूर्व प्रखंड के प्रमुख जिया उल हक ने भी क्षेत्र की समस्या को दर्शाते हुए कहा कि पुलिस और जनप्रतिनिधियों में अच्छे संबंध स्थापित होना चाहिए। थाना क्षेत्र में शराब बेचने वाले और शराबियों पर भी नकेल कसने की जरूरत पर बल दिया। मुखिया संघ के प्रखंड अध्यक्ष सह डिमिया छतरजान पंचायत के मुखिया अंगद मंडल ने भी थानाध्यक्ष को आश्वस्त किया कि जनप्रतिनिधियों से जितना संभव हो सकेगा शांति व्यवस्था कायम करने में मदद करेंगे। जिला पार्षद विवेका यादव ने भी थाना अध्यक्ष जनप्रतिनिधि और पुलिस के बीच सामंजस्य स्थापित करने की बात कही।
मुफस्सिल थानाध्यक्ष ने भी उपस्थित सभी लोगों को कहा कि सभी लोगों का सुझाव काफी अहम है। विश्वास दिलाता हूं कि थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था तथा जनप्रतिनिधि और पुलिस में अच्छे संबंध स्थापित रहेंगे। उन्होंने लोगों से आग्रह किया की सड़क दुर्घटना में अगर जो भी घायल व्यक्ति को देखें, पहले उसे इलाज के लिए जरूर भेजें। उन्होंने शराबबंदी को लेकर भी काफी सख्त लहजे में कहा कि शराब बेचने वाले और शराब पीने वाले को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कोई भी हो। वहीं उन्होंने सभी लोगों से क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने में सहयोग करने की अपील की। इस मौके पर मुखिया अंगद मंडल, मो हबीब, डोमन राम, निरंजन उरांव, सरपंच शोभेलाल यादव, सुदामा देवी, समिति सदस्य लालन सिन्हा, अर्जुन कुमार मंडल, धनंजय भगत पूर्व मुखिया प्रदीप दास, मुस्लिम दीवान, दिलीप यादव, मोहम्मद सऊद पिटू वर्मा संतोष सिंह वार्ड पार्षद विश्वजीत सिंह सहित दर्जनों जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।