मखाना कृषक उत्पादक संगठन से किसान होंगे लाभान्वित
पूर्णिया। जिले के मखाना किसानों को नई गति और दिशा प्रदान कर सबल बनाने के लिए रविवार को क
पूर्णिया। जिले के मखाना किसानों को नई गति और दिशा प्रदान कर सबल बनाने के लिए रविवार को कृषि वैज्ञानिक और विशेषज्ञों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मूल रूप से मखाना कृषक उत्पादक संगठन के गठन पर चर्चा की गई। इस दौरान मखाना के दो ब्रांड डीईएलसी इंटरनेशनल और फार्म टू फैक्ट्री द्वारा को विश्व मानक के अनुरूप बाजार में उतारा गया। इस दौरान कहा गया कि क्षेत्र में मखाना कृषक उत्पादक संगठन का मुख्य उद्देश्य उत्पादन और लागत कम कर मखाना किसानों को लाभान्वित करना है। कार्यक्रम में कहा गया कि कृषि विज्ञान केंद्र जलालगढ़ के वैज्ञानिक के तकनीक सहयोग एवं नाबार्ड के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम को विशेषकर किसानों को उसके उत्पाद का उचित मूल्य दिलाने एवं जैविक मखाना उत्पादन की ओर बढ़ाने के लिए आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में मौजूद जलालगढ़ कृषि केंद्र की वैज्ञानिक डॉ. सीमा कुमारी ने बताया कि कृषक उत्पादक संगठन से जुड़कर किसान अपनी उत्पादित मखाना से अधिक लाभ के साथ ही साथ उत्पादन लागत को कम कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज जो उत्पादक संगठन का गठन किया जा रहा है वह क्षेत्र के मखाना किसानों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। कार्यक्रम में इफको के क्षेत्रीय पदाधिकारी तुषार शेखर ने इफको के विभिन्न उत्पादों के बारे में बताया और चर्चा हुई की किसान कैसे इफको के प्राकृतिक उत्पादों का प्रयोग कर अपनी उत्पादकता को बढ़ा सकते हैं। बताया गया कि संगठन से जुड़ने के लिए विशेष जानकारी के लिए किसान जलालगढ़ कृषि केंद्र में संपर्क कर ले सकते हैं। इस दौरान कृषि विज्ञान केंद्र जलालगढ़ के डॉ. अभिषेक कुमार, साधना कुमारी, आत्मा के निदेशक हरिमोहन मिश्रा सहित मनीष कुमार, सुमित कुमार, वीणा कुमारी, उमंग गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद थे।