मनरेगा के कार्यों की भाजपा नेता ने की जांच की मांग
पूर्णिया। मनरेगा विभाग सरकार को बदनाम एवं दिग्भ्रमित नहीं करें अन्यथा वे लोग इसके लिए विभाग क
पूर्णिया। मनरेगा विभाग सरकार को बदनाम एवं दिग्भ्रमित नहीं करें, अन्यथा वे लोग इसके लिए विभाग के खिलाफ सरकार को पत्र लिखेंगे। उक्त बातें टीकापट्टी भाजपा मंडल अध्यक्ष अरविद कुमार साह ने मनरेगा विभाग द्वारा गांधी सदन की अनदेखी एवं क्षेत्र में जल जीवन हरियाली योजना के नाम पर खानापूर्ति करने को लेकर आक्रोश व्यक्त करते हुए कही। मंडल अध्यक्ष ने कहा कि यह दुर्भाग्य है कि मनरेगा विभाग बस लूट का साधन बन गया है, धरातल पर सिर्फ दिखावा हो रहा है। इसका जीता-जागता प्रमाण है कि गांधी सदन जैसे महत्वपूर्ण जगह को भी विभाग ने मजाक बना डाला है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 15 नवंबर 2019 को यहां आए थे, तब से आजतक विभाग इस स्थल को झांकने तक नहीं आया। कुछ इसी कारण यहां का सबसे महत्वपूर्ण रूद्राक्ष का पौधा जिसे मुख्यमंत्री ने बापू की याद में लगाया था सूखकर खत्म हो गया है। इसके अलावा यहां पर लगे अनेक पौधे भी सूख गए। बापू का शयन-कक्ष सहित पूरे परिसर में गंदगी का अंबार है। नौ माह बाद जब अखबार में खबर छपी तथा डीएम के आने की खबर हुई, तब आनन-फानन में यहां की साफ-सफाई की गई, जो समय से पूरा भी नहीं हो पाया। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि विभाग को जब बापू के प्रति श्रद्धा नहीं हो सकती है, तब फिर भला और के साथ क्या होता होगा। डीएम स्वयं यहां की स्थिति को देखकर गए हैं तथा प्रतिक्रिया व्यक्त किए हैं। कहा कि पूरे प्रखंड में जल,जीवन,हरियाली के नाम पर बस खानापूर्ति की जा रही है। ऐसा लगता है कि इसे कोई देखनेवाला नहीं है। इसका खुलासा यहां हुए सामाजिक अंकेक्षण में भी हो चूका है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि प्रखंड में चलने वाली मनरेगा की योजनाओं की विशेष टीम से जांच करवाई जाए तो हकीकत सामने आ जाएगी।