पूर्णिया पूर्व में जल नल योजना में मिली अनियमितता
राज्य सरकार द्वारा जारी पत्र के अनुसार पूर्णिया जिलाधिकारी के दिशा निर्देश पर गुरुवार को भी पूर्णिया पूर्व प्रखंड क्षेत्र के सिकंदरपुर पंचायत व डिमिया छत्रजान पंचायत में पदाधिकारियों ने योजनाओं का निरीक्षण किया।
संस, पूर्णिया पूर्व (पूर्णिया)। राज्य सरकार द्वारा जारी पत्र के अनुसार पूर्णिया जिलाधिकारी के दिशा निर्देश पर गुरुवार को भी पूर्णिया पूर्व प्रखंड क्षेत्र के सिकंदरपुर पंचायत व डिमिया छत्रजान पंचायत में पदाधिकारियों ने योजनाओं का निरीक्षण किया। जिसमें सिकंदरपुर पंचायत का प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित आनंद ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पंचायत सचिव सुरेश प्रसाद यादव, सीताराम विश्वास, अंचल निरीक्षक महेंद्र विश्वास, आवास प्रवेक्षक मुकेश कुमार, रोजगार सेवक अविनाश चौधरी, आवास सहायक प्रवीण साह आदि साथ चल रहे थे। जांच के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी भवरा गांव पहुंचकर नल जल योजना सहित कई अन्य मामले का जांच किया। वही बरसोनी प्राथमिक विद्यालय हासंदा 95 का निरीक्षण किया गया यहां गड़बड़ी को देखते हुए प्रधानाध्यापक को फटकार लगाई गयी। वही बरसोनी गांव के दो जन वितरण प्रणाली के दुकान का जायजा लिया गया। जहां दुकान में दुकानदार मौजूद था लेकिन आवंटन के अभाव के कारण जन वितरण प्रणाली के दुकानदार के द्वारा वितरण नहीं किया जा रहा था। उसके बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी पतिलवा पहुंचकर नल जल योजना का जांच किया। जिसमें वार्ड संख्या 9 के जल मीनार से जांच करते हुए उन्हें पाया कि वार्ड 9 में अधिकांश लगाए गये नल से पानी नहीं निकल रहा था। वहीं दर्जनों नल में टूटी नहीं पाया गया। वहीं जिसके बाद उन्होंने फोन कर संवेदक को फटकार लगाई और अविलंब पानी चालू करने की बात कही। जिसके बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी बड़हरी उपस्वास्थ्य केंद्र भी जायजा लिया। स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी गुड्डी कुमारी ने वहां की पूर्ण व्यवस्था की जानकारी दी। तथा भवन क्षतिग्रस्त होने की भी जानकारी दी। साथ ही उन्होंने बताया कि भवन का दरवाजा खिड़की टूटा हुआ है। जिसके कारण कोई भी सामग्री चोरी का डर लगा रहता है। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही भवन का मरम्मती करा दिया जाएगा। उसके बाद उन्होंने जन वितरण प्रणाली एवं पैक्स का भी निरीक्षण किया। वही उन्होंने पेंशन योजना, मनरेगा, सात निश्चय योजना के तहत नली गली सहित अन्य योजनाओं के साथ कई प्रधानमंत्री आवास योजना का जांच किया। जांच के दौरान कई त्रुटियां पाई और मौजूद आवास कर्मियों को फटकार भी लगाई। वहीं डिमिया छत्रजान पंचायत में अंचलाधिकारी जयंत कुमार गौतम व राजस्व पदाधिकारी मुन्ना कुमार,राजश्व कर्मचारी पंकज कुमार ने गुरुवार को डिमिया छतरजान पंचायत के विभिन्न योजना का जांच किया।जिस दौरान आंगनबाड़ी केंद्र,जनवितरण प्रणाली दुकान,इंद्रा आवास, विद्यालय, नल जल योजना सहित पंचायत के चल रहे विभिन्न योजना का जांच किया। जांच के दौरान जनवितरण प्रणाली दुकान में अनियमितता पाई गयी। जिस में कुछ जन प्रणाली संचालक का भंडार पंजी में त्रुटि पाई गयी। उन्होंने जन वितरण प्रणाली संचालक को हिदायत दिया कि आगे से इस पंजी पर ध्यान रखे। जिसके बाद उन्होंने हेल्थ वेलनेस सेंटर का निरीक्षण किया जहां डाक्टर मौजूद थे। वहीं उन्होंने बताया जांच के दौरान कुछ अनियमितता पाई गयी है। जांच प्रतिवेदन आनलाइन पोर्टल पर जमा किया जायेगा।