बिहार में रोजगार के बदले लूट, हत्या व दुष्कर्म बा: पप्पू
बिहार में का बा रोजगार की जगह लूट हत्या व दुष्कर्म बा..। बिहार अब अपराधियों के लिए सुरक्षित ठिकाना बन गया है। यहां शिक्षार्थी की जगह अपराधी पैदा हो रहे हैं।
जागरण संवाददाता, पूर्णिया। बिहार में का बा, रोजगार की जगह लूट, हत्या व दुष्कर्म बा..। बिहार अब अपराधियों के लिए सुरक्षित ठिकाना बन गया है। यहां शिक्षार्थी की जगह अपराधी पैदा हो रहे हैं।
नीतीश सरकार ने बिहार को अपराधियों का नालंदा विश्वविद्यालय बना दिया गया है। यह बातें जन अधिकार पार्टी के सुप्रीमा राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने कही। वे मंगलवार को पूर्णिया कोर्ट स्टेशन स्थित अपने निज आवास पर पत्रकारों से बात कर रहे थे।
उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। श्री यादव ने कहा कि नीतीश कुमार भाजपा के हाथों की कठपुतली बनकर रह गए हैं। दोनों जनता को मूर्ख बना रहे हैं। नीतीश कुमार तो दही जमाने वाले जोरन हैं। वे जहां भी जाते हैं, जम जाते हैं। पप्पू यादव ने कहा कि पूर्णिया ही नहीं बल्कि पूरे बिहार में अपराध चरम पर है। सरकार पुलिस को अपराधियों को पकड़ने की जगह शराब पकड़ने में लगा दिया है। अपराधियों को स्पीडी ट्रायल के तहत फांसी की सजा होनी चाहिए. लेकिन सरकार और पुलिस दोनों मिलकर अपराधियों से केवल जेल भरने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में अब तक 12 मुखिया व दो दर्जन से अधिक पंचायत प्रतिनिधियों की हत्या हो चुकी है। बिहार में आम जनता तो दूर जनप्रतिनिधि भी सुरक्षित नहीं है। शराबबंदी कानून के नाम पर आम नागरिकों को फंसाया जा रहा है। शराब भगवान की तरह हो गया है। दिखता नहीं लेकिन मिलता सभी जगहों पर है। शराब तो बड़े-बड़े नेता व अफसर पीते हैं लेकिन उनके लिए शराबबंदी कानून लागू नहीं है। यह कानून सिर्फ गरीब लोगों के लिए है। उन्होंने कहा कि एमएलसी चुनाव सिर्फ मजाक बनकर रह गया है। . देश में एमएलसी की कोई जरूरत ही नहीं है। जनता की गाढ़ी कमाई पर एमएलसी लोग मौज मस्ती करते हैं। इस मौके पर जन अधिकार पार्टी युवा परिषद के प्रदेश महासचिव सह प्रदेश प्रवक्ता राजेश यादव, जिला अध्यक्ष बबलू भगत, प्रदेश उपाध्यक्ष इस्त्राइल आजाद, पूर्णिया पूर्व प्रमुख जियाउल हक, दुर्गा यादव, डबलू खान, अरुण यादव, समिउललाह, सुमित यादव, करन कुमार, राहुल यादव, शंकर कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।