वसंत विहार में ताला तोड़कर घर से ढाई लाख नकदी समेत लाखों की जेवरात चोरी
पूर्णिया मरंगा थानाक्षेत्र के वसंत विहार में चोरों का आतंक चरम पर है। लगातार चोर खाली घ्
पूर्णिया : मरंगा थानाक्षेत्र के वसंत विहार में चोरों का आतंक चरम पर है। लगातार चोर खाली घरों को अपना निशाना बनाकर हाथ साफ कर रहे हैं लेकिन पुलिस चोरों का पता लगा पाने में कामयाब नहीं हो पा रही है। ताजा मामला लालगंज पंचायत के वार्ड संख्या एक के वसंत विहार का है। इस बार चोरों ने वसंत विहार में रहने वाले सुबोध कुमार उर्फ गुड्डू सिंह के घरों को निशाना बनाया है। घटना को लेकर पीड़ित गुड्डू सिंह ने बताया कि श्राद्ध कर्म में शामिल होने को लेकर सपरिवार 18 फरवरी को अपने पैतृक घर भवानीपुर प्रखंड के डुमरा गाव गए हुए थे। 22 फरवरी को वापस सपरिवार वसंत विहार अपने निजी आवास पर लौटे। जहां घर पहुंचते ही घर के मेन गेट का ताला टूटा पाया। घर के अंदर प्रवेश किया तो घर का सारा सामान बिखड़ा पड़ा मिला। जिसके बाद गुड्डू ने तुरंत मामले की सूचना मरंगा थाने को दी। घटना कि जानकारी मिलते ही मरंगा थाना कि पुलिस गुड्डू के घर पहुंच जाच पड़ताल की। गुड्डू ने बताया कि चोरों ने गोदरेज का लॉकर तोड़ कर उसमें रखे पत्नी के सोने के लाखों का जेवरात, जिसमें 30 ग्राम सोने के नथिया, टीका सेट, मंगलसूत्र, और ढ़ाई सौ ग्राम चांदी के जेवरात के साथ ढाई लाख नगद लेकर चोर चंपत हो गए। पीड़ित ने मरंगा थाना में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। वहीं मामले को लेकर मरंगा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना को लेकर अज्ञात के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।