बाबा साहेब के दिखाए मार्ग पर चलने का लिया संकल्प
पूर्णिया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् की कसबा इकाई ने सामाजिक समरसता सप्ताह की शुरुआत गुरुवा
पूर्णिया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् की कसबा इकाई ने सामाजिक समरसता सप्ताह की शुरुआत गुरुवार को की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अभाविप के विश्वविद्यालय संगठन मंत्री राजेश श्रीवास्तव मौजूद थे मंच संचालन सुगम कुमार कर रहे थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजेश श्रीवास्तव ने कहा कि संविधान लेखक बाबा साहेब ने भारत के संविधान में सभी को एक समान स्थान दिया एवं छुआछूत को समाज से बाहर करने का पूरा प्रयास किया। आज जब हम सामाजिक समरसता सप्ताह मना रहे हैं तो हमें संकल्प लेना चाहिए कि उनके दिखाए मार्ग पर चलेंगे। समाज से छुआछूत ऊंच-नीच को समाप्त करेंगे। कहा कि कुछ राजनीतिक एवं सामाजिक संगठन बाबा साहेब पर राजनीति करते है किंतु विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता छात्र हित, समाज हित, एवं देश हित के लिए कार्य करते हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुंशी लाल आर्य महाविद्यालय के छात्र संघ उपाध्यक्ष आभाष कुमार ने कहा कि भीमराव आंबेडकर संविधान निर्माता के अलावा प्रथम कानून मंत्री भी थे, उन्होंने अपने जीवन में संघर्ष कर बहुत कुछ पाया। बाबा साहेब ने कहा था कि शिक्षा ही देश और समाज को आगे ले जा सकता है। इसलिए हम सभी को शिक्षित बनना होगा, तभी उनके सपने को पूरा किया जा सकता है। कॉलेज अध्यक्ष किशन राज ने कहा कि हमें बाबा साहेब के सपने को साकार करने के लिए छुआछूत को दूर करना होगा। इस मौके पर कबीर कुमार विश्वास, राहुल यादव, आर्यन कुमार झा, शिवम कुमार, रोशन कुमार, प्रकाश कुमार, नीरज कुमार सिंह एवं अभाविप के कार्यकर्ता मौजूद थे।