लगातार ऊपर जा रहा पारा, गर्मी से लोग हो रहे हलकान
पूर्णिया। गर्म हो रहे सूरज की गर्मी से बैरोमीटर का पारा लगातार ऊपर जा रहा है। आसमान से बरस र
पूर्णिया। गर्म हो रहे सूरज की गर्मी से बैरोमीटर का पारा लगातार ऊपर जा रहा है। आसमान से बरस रही गर्मी से लोग हलकान हैं। दैनिक कामकाज से लेकर लोगों की आवाजाही सब प्रभावित होने लगी है। दो दिनों में पारा चार डिग्री सेल्सियस ऊपर चला गया है। शुक्रवार को जहां तापमान 34 डिग्री था रविवार को बढ़ कर वह 38.2 सेल्सियस पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 38.2 एवं न्यूनतम 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम पूर्वानुमान में कहा गया है कि सोमवार को भी तापमान बढ़ सकता है।
लगातार बढ़ रही गर्मी से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। स्कूली बच्चे हों या दैनिक कामकाजी लोग सभी गर्मी से बेहाल हैं। गर्मी की वजह से लोग घरों में दुबकने को विवश हैं तथा सड़कों एवं बाजारों में लोगों की आवाजाही घट गई है। कोर्ट-कचहरी के काम से रोजाना जिला मुख्यालय आने वाले लोगों की भीड़ नदारद है। ऑफिसों में भी लोग कम पहुंच रहे हैं। बस स्टैंड हों या भट्ठा जैसे मुख्य बाजार, दोपहर में सुनसान हो जा रहे हैं। लोग धूप से बचने के लिए छांव की तलाश करते नजर आते हैं। रविवार को हालांकि अवकाश का दिन था बावजूद सबसे अधिक परेशानी रोजेदारों को हो रही है। भीषण गर्मी की वजह से दिन भर भूखे-प्यासे रहना उनके लिए मुश्किल हो रहा है। बढ़ रहा तापमान रोज उनके हलक की परीक्षा ले रहा है। स्कूली बच्चों का हाल भी बुरा है। स्कूल आने-जाने में उन्हें काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। कोई स्कूल बैग से तो कोई अपने दुपट्टा से सर ढक कर आने-जाने को विवश हैं। अपने बच्चों की गर्मी से सुरक्षा को लेकर अभिभावक चिंतित हैं। इन सब के बीच लोगों को राहत दिलाने के लिए प्रशासनिक पहल नजर नहीं आ रहा है। सार्वजनिक स्थलों पर न तो प्याऊ की व्यवस्था की जा सकी है न तो पर्याप्त शेड हैं। बच्चों के स्कूलों में भी अवकाश की घोषणा नहीं की जा सकी है।
मौसम विभाग की मानें तो अगले तीन-चार दिनों तक मौसम गर्म रहने वाला है। सोमवार को भी तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी का अनुमान जताया गया है। ऐसे में अभी लोगों को गर्मी से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है।