Bihar Tourism: घूमने के शौक को बना लिया रोजगार का साधन, इंटरनेट मीडिया में पर्यटन स्थलों की खूबी बता कमा रहे पैसे
Bihar Tourism बिहार के एक युवा ने घूमने के शौक को रोंजगार का साधन बना लिया है। वे इंटरनेट मीडिया में बिहार के पर्यटन स्थलों की खूबी बताकर पैसे कमा रहे हैं। यह कहानी है पटना के अमितेष की। आइए जानें उनके बारे में।
पटना, जागरण संवाददाता। Bihar Tourism समय के साथ शहर के युवाओं की सोच में भी बदलाव आया है। कल तक युवा मेडिकल, इंजीनियरिंग और कामर्स आदि क्षेत्रों में अपना भविष्य तलाशते नजर आते थे। आज की युवा पीढ़ी इंटरनेट मीडिया के यू-टयूब चैनलों के जरिए पैसा व सम्मान दोनों कमा रहे हैं। ऐसी ही कहानी पटना के अमितेष की है। अमितेष ने बीआइटी मेसरा से एनीमेशन मल्टी-मीडिया की पढ़ाई की है। कुछ दिन मोशन ग्राफिक डिजाइनर के रूप में काम किया। दूसरों के लिए काम करने के बजाए अपने लिए रास्ता बनाने की सोची और खुद की एड एजेंसी खोली।
घूमने के शौक ने बना दिया यूट्यूबर
अमितेष की मानें तो पिताजी को घूमने का बहुत शौक था। वे जब भी कहीं जाते तो बच्चों को जरूर ले जाते थे। पिताजी के साथ देश के कई राज्यों में घूमने का अवसर मिला। 2009 में पासपोर्ट बनवा लिया था। विदेश जाने का अवसर 2017 में मिला। दोस्तों के साथ थाईलैंड पहुंच गया। थाईलैंड की सात दिनों की यात्रा में नई संस्कृति, नए लोग आदि के बारे में जानने और समझने का मौका मिला। जब हवाई जहाज की यात्रा कर रहे थे तभी दिमाग में विचार आया कि लोगों को जानकारी देने के लिए यू-टयूब चैनल बेहतर विकल्प हो सकता है। इसके बाद से अपनी हर यात्रा का वीडियो क्लिप बना 'ट्रैवल विद राबिन' के नाम से यू-टयूब चैनल पर जारी कर देता।
समय के साथ मेहनत रंग लाई
अमितेष ने 2017 से वर्तमान तक छह देशों और विभिन्न राज्यों की यात्रा का अनुभव लोगों के साथ साझा किया है। भूटान के वीडियो को 10 लाख से उपर लोगों ने देखा और सराहा है। यू-ट्यूब चैनल बनाने का उद्देश्य सिर्फ पैसा कमाना ही नहीं बल्कि लोगों को सटीक जानकारी भी देना है। 2019 में भूटान की यात्रा का अनुभव वीडियो के जरिए इंटरनेट मीडिया पर साझा किया था। चैनल के जरिए प्रतिमाह अच्छी कमाई होने के साथ देश दुनिया के लोगों के बीच पहचान बनी।
वीडियो क्वालिटी व सटीक जानकारी जरूरी
वीडियो की क्वालिटी पर कमाई निर्भर करती है। अगर वीडियो की पिक्चर क्वालिटी सही है तो उस पर अधिक व्यूअर्स आते हैं और कमाई भी ज्यादा होती है।