गोपालगंज में वर्चस्व की लड़ाई में युवक की हत्याकर नहर में फेंका, मौत के बाद पुलिस पर पथराव
गोपालंगज में वर्चस्व की लड़ाई में एक युवक को अगवाकर बेरहमी से पिटाई की गई। उसके हाथ-पैर तोड़कर नहर में फेंक दिया गया।
गोपालगंज, जेएनएन। मांझा थाना क्षेत्र के लहलादपुर गांव में वर्चस्व की लड़ाई में एक युवक को अगवाकर बेरहमी से पिटाई की गई। उसके हाथ-पैर तोड़कर नहर में फेंक दिया गया। गंभीर हालत में स्वजनों ने सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां से गोरखपुर रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसकी जानकारी होते ही ग्रामीणोंं में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने गोपालगंज- बड़हरिया पथ को आगजनी कर जाम कर दिया। साहपुर बाजार को भी बंद कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस पर ग्रामीणोंं ने पथराव कर दिया। पुलिस ने इसके बाद फायरिंग की चेतावनी दी। इसके बाद लोगों ने पथराव किया। जिससे काफी देर तक आवागमन बाधित कहा। वारदात को लेकर स्वजन ने एक बीडीसी सदस्य सहित छह लोगों के खिलाफ बयान दर्ज कराया है। सभी आरोपित फरार हैं।
पिटाई कर हाथ-पैर दिया तोड़
बताया जाता है कि मांझा थाना क्षेत्र के साहपुर गांव निवासी मुन्ना यादव का लहलादपुर गांव निवासी बीडीसी सदस्य राजेंद्र यादव से वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा था। शनिवार की सुबह मुन्ना यादव सामान खरीदने साहपुर बाजार गया। रास्ते में लहलादपुर गांव निवासी बीडीसी सदस्य राजेंद्र यादव सहित आधा दर्जन लोगों ने उसे अगवा कर लिया। इसके बाद लाठी डंडा व चाकू से बेरहमी से पिटाई कर हाथ-पैर तोड़ दिया गया। गंभीर हालत में उसे नहर में फेंक दिया। कुछ देर बाद घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे स्वजनों ने मुन्ना को सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
हालत गंभीर होने पर किया गोरखपुर रेफर
हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे गोरखपुर रेफर कर दिया। रास्ते में मौत की सूचना मिलने पर लोग आक्रोशित हो गए। गोपालगंज- बड़हरिया मार्ग को आगजनी कर जाम कर दिया। साथ ही साहपुर बाजार को भी बंद कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस पर भी लोगों ने पथराव कर दिया। हालात बिगड़ते देख पुलिस के जवानों ने पोजिशन ले लिया। फायरिंग की आशंका देख ग्रामीणोंं ने पथराव बंद कर दिया। हालांकि ग्रामीण एसपी को बुलाने तथा आरोपितों को गिरफ्तार करने की मांग पर सड़क पर डटे रहे। इस वारदात को लेकर स्वजनों को लेकर स्वजन एक बीडीसी सदस्य सहित छह लोगों के खिलाफ बयान दर्ज कराया है। सभी आरोपित फरार हो गए हैं। इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष दिनेश यादव ने बताया कि युवक के स्वजनों का बयान दर्ज कर आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।