राज्य में हॉकी को डेवलप करने के लिए करेंगे काम : मुश्ताक
बोले हॉकी इंडिया के अध्यक्ष, एस्ट्रो टर्फ मैदान के लिए मिलेंगे खेल विभाग से।
बोले हॉकी इंडिया के अध्यक्ष, एस्ट्रो टर्फ मैदान के लिए मिलेंगे खेल विभाग से, अच्छे प्रशिक्षकों को दी जाएगी तरजीह
जागरण संवाददाता, पटना : हॉकी इंडिया के नवनिर्वाचित अध्यक्ष पटना निवासी मुश्ताक अहमद ने स्वीकार किया कि अपने राज्य में राष्ट्रीय खेल पिछड़ा हुआ है। अब इसे डेवलप करने की जरूरत है। पांच अक्टूबर को वे दिल्ली से लौटेंगे और हॉकी को बिहार में डेवलप करने पर काम शुरू कर देंगे। सोमवार को अध्यक्ष बनने के बाद मुश्ताक से जब जागरण संवाददाता ने पूछा कि हॉकी के बॉस आप और पुरुष टीम के मुख्य प्रशिक्षक हरेंद्र सिंह बिहार के हैं। इसके बावजूद यह खेल यहां पिछड़ा है। यहां से स्तरीय खिलाड़ी नहीं निकल पा रहे हैं। इस पर उन्होंने कहा कि राज्य में एस्ट्रो टर्फ मैदान नहीं है, जिसकी सख्त जरूरत है। हॉकी सेंटर चार जगह खुले हैं, लेकिन इतने से काम नहीं चलने वाला। एकेडमी नहीं हैं और कुशल प्रशिक्षक की दरकार है। इन बातों को लेकर हम शीघ्र ही राज्य सरकार से मिलेंगे और हॉकी की बेहतरी के लिए काम करेंगे।
मुश्ताक ने कहा कि पटना, पूर्णिया, रोहतास, मुजफ्फरपुर, सिवान, भोजपुर और बक्सर की टीमें बढि़या कर रहीं हैं। अन्य जिलों में भी इसका प्रचार-प्रसार जरूरी है। सरकारी स्तर से भी पटना के शास्त्रीनगर गर्ल्स हाई स्कूल परिसर, मुजफ्फरपुर और पूर्णिया में एकलव्य सेंटर खुले हैं, जहां घास पर प्रशिक्षु अभ्यास करते हैं। पटना के बीमएपी-5 में भी घास के मैदान पर हॉकी को छोड़ दूसरे खेल होते हैं। दानापुर में आर्मी के पास एस्ट्रो टर्फ है, जो आम खिलाड़ियों के लिए वर्जित है। टूर्नामेंट यहां घास के मैदान पर होते हैं। यही कारण है कि राष्ट्रीय स्तर पर एस्ट्रो टर्फ मैदान पर हमारी टीम बेहतर नहीं कर पाती है। एस्ट्रो टर्फ समेत हॉकी के अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलप करने के लिए मैं तकनीकी रूप से मदद करने को तैयार हूं। मुझे उम्मीद है कि बिहार सरकार भी इस काम में हॉकी बिहार को मदद करेगी।