कल शाम 5 बजे भगवान श्रीराम करेंगे रावण का वध
पटना। राजधानी के गांधी मैदान में गुरुवार की शाम पांच बजे दशहरा कमेटी के तत्वावधान में राव
पटना। राजधानी के गांधी मैदान में गुरुवार की शाम पांच बजे दशहरा कमेटी के तत्वावधान में रावण वध समारोह आयोजित होगा। इसका उद्घाटन राज्यपाल रामनाथ कोविंद करेंगे। दशहरा कमेटी की ओर से समारोह की तैयारी पूरी कर ली गई है। इस वर्ष भगवान श्रीराम रिवॉल्विंग स्टेज से रावण का वध करेंगे। रावण वध समारोह में इस बार इलेक्ट्रानिक आतिशबाजी दर्शकों के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र होगी। यह दशहरा कमेटी का नया प्रयोग है, जिससे किसी तरह का प्रदूषण नहीं होगा। इस वर्ष रावण का पुतला 70 फिट, कुंभकरण का 65 व मेघनाद का पुतला 60 फिट ऊंचा तैयार किया गया है।
दशहरा कमेटी के अध्यक्ष कमल नोपानी व सचिव अरुण कुमार ने बताया कि समारोह की तैयारी पूरी हो गई है। राज्यपाल रामनाथ कोविंद ने समारोह के उद्घाटन के लिए अनुमति प्रदान कर दी है। गांधी मैदान में आयोजित समारोह के दौरान रामचरित्र दास व नरहरि दास राम-रावण का संवाद श्रद्धालुओं को सुनाएंगे। गांधी मैदान में श्रीराम, लक्ष्मण, हनुमान, विभीषण, जामवंत व निषाद राज की भव्य झांकी निकाली जाएगी। झांकी के बाद विधि-विधान से आरती उतारी जाएगी।
हवा में उड़ेंगे हनुमान
समारोह के दौरान हनुमान जी हवा में उड़ते हुए नजर आएंगे। इसके लिए आयोजन समिति ने समुचित व्यवस्था की है। हनुमान गदा के साथ श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे।
कोलकाता के कलाकार दिखाएंगे कौशल
गांधी मैदान में इलेक्ट्रॉनिक आतिशबाजी दिखाने के लिए दशहरा कमेटी ने विशेष व्यवस्था की है। इसे कोलकाता के कुशल कलाकारों ने तैयार किया है। गांधी मैदान में पहली बार यह प्रयोग किया जा रहा है। यहां पर आतिशबाजी रिमोट से की जाएगी। स्टेज पर बैठकर कलाकार रिमोट के माध्यम से लोगों को अपना कौशल दिखाएंगे।
महिलाओं के लिए विशेष व्यवस्था
रावण वध समारोह के दौरान महिलाओं के बैठने की विशेष व्यवस्था है। गांधी मैदान के उत्तरी एवं दक्षिणी हिस्से में महिलाओं के लिए व्यवस्था की गई है। दर्शक दीर्घा में बैठने के लिए एसके मेमोरियल व एक्जीविशन रोड की ओर से प्रवेश करना होगा।
ठाकुरबाड़ी में भरत मिलाप
रावण वध समारोह के बाद 24 अक्टूबर को नागाबाबा ठाकुरबाड़ी में भरत मिलाप का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यहां पर भगवान श्रीराम का राजतिलक किया जाएगा।