पत्नी की जिद थी पति के साथ जाएगी स्वर्ग ...और ऐसे आ गई मौत
पति की मौत के बाद शव पर विलाप करती पत्नी अपने पति के साथ परलोक जाने की जिद कर रही थी। इसी बीच शव ले जा रही एंबुलेंस पेड़ से जा टकराई और दुर्घटना में पत्नी की भी मौत हो गई।
शेखपुरा [जेएनएन]। पति की मौत के बाद पत्नी रो-रोकर कह रही थी कि अब उसे भी जीने की इच्छा नहीं रही। शव के साथ एंबुलेंस में घर वापसी के दौरान वह भगवान से उसे भी पति के पास पहुंचाने की गुहार लगा रही थी। परिवार के लोग उसे संभाल रहे थे। इसी बीच एंबुलेंस ने संतुलन खोया और एक पेड़ से जा टकाराई। दुर्घटना में पत्नी की भी मौत हो गई। घटना जमुई जिले के चंद्रदीप थाने के पास मंगलवार की सुबह हुई।
मृतक कृष्णमोहन यादव व उनकी पत्नी उषा देवी शेखपुरा के करंडे थाना क्षेत्र कुरमुरी गांव के निवासी थे। गांव में जब पति पत्नी का एक जनाजा उठा सभी रो उठे। लोग इस घटना को पति-पत्नी के अटूट रिश्ते का प्रतीक भी बता रहे थे।
जानकारी के अनुसार शेखपुरा के करंडे थाना क्षेत्र के कुरमुरी गांव निवासी कृष्ण मोहन यादव की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उनका इलाज पटना में हो रहा था। इलाज के दौरान उन्हें रांची रेफर कर दिया गया, जहां उनकी मौत हो गई। शव को एंबुलेंस से लेकर परिजन घर लौट रहे थे कि जमुई जिले के चंद्रदीप थाने के पास एंबुलेंस पेड़ से जा टकराई।
दुर्घटना में एंबुलेंस चकनाचूर हो गया। एंबुलेंस पर सवार मृतक की पत्नी उषा देवी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पुत्र शशि भूषण यादव तथा मृतक के भाई दशरथ यादव गंभीर रुप से जख्मी हो गए। घायलों का इलाज पटना में चल रहा है। मृतक के भतीजे राजकुमार यादव तथा उनकी पत्नी एवं 10 वर्षीय बेटा भी जख्मी हो गए, जिनका इलाज जमुई के एक निजी क्लीनिक में किया जा रहा है।