पटना में जब जदयू अध्यक्ष ललन सिंह को बोलना पड़ा, 'काहेला जिंदाबाद का नारा लगा रहे, मंच न खाली करिए'
जदयू की कमान संभालने के बाद ललन सिंह पहलीबार शुक्रवार को पटना पहुंचे। जब पार्टी के प्रदेश कार्यालय स्थित कर्पूरी सभागार पहुंचे तो मंच पर बड़ी संख्या में लोग माला और बुके लेकर पहुंच गए। ऐसे में ललन को समर्थकों से मंच से उतरने के लिए कहना पड़ा।
राज्य ब्यूरो, पटना : जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह जब पार्टी के प्रदेश कार्यालय स्थित कर्पूरी सभागार पहुंचे तो मंच पर बड़ी संख्या में लोग माला और बुके लेकर पहुंच गए। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष डा. नवीन आर्या ने कई बार माइक से लोगों को उतरने का कहा। कार्यकर्ताओं की भीड़ पर इसका कोई असर नहीं। इसके बाद जदयू विधान पार्षद व प्रदेश प्रवक्ता नीरज ने माइक से कहा कि हाथ जोड़कर प्रार्थना करते हैं, मंच से उतर जाइए। बुके और माला के साथ पहुंची कार्यकर्ताओं की फौज कहां मानने वाली थी। अब माइक जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने ले लिया पर भीड़ बेअसर थी। इसके बाद ललन सिंह ने खुद मोर्चा संभाला और कहा-काहेला जिंदाबाद नारा लगा रहे हैं, मंच न खाली करिए। हम एक-एक लोगों का माला लेंगे। नहीं उतरेंगे तो किसी का नहीं लेंगे। नीचे उतर जाइए। बड़ी मुश्किल उत्साही कार्यकर्ताओं की भीड़ मंच से उतरी तब ललन सिंह का संबोधन हुआ।
ललन सिंह के संबोधन के पहले जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा का संक्षिप्त संबोधन हुआ। उन्होंने कहा कि ललन सिंह के नेतृत्व में पार्टी नयी ऊंचाई को छुएगी। पार्टी की स्थापना से लेकर आज तक पार्टी की मजबूती के लिए इनके योगदान को हम सभी जानते हैैं। दिन-रात पार्टी के हित में काम करते हैं। पार्टी दफ्तर में ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह, परिवहन मंत्री शीला मंडल, मद्य निषेध मंत्री सुनील कुमार, ग्रामीण कार्य मंत्री जयंत राज, सांसद चंद्रेश्वर चंद्रवंशी, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, संजय सिंह, नीरज कुमार, विधायक नरेंद्र नारायण यादव, अजय चौधरी, राजकुमार सिंह, पंकज मिश्रा, शालिनी मिश्रा, सिद्धार्थ पटेल, कृष्णमुरारी शरण, पूर्व विधान पार्षद प्रो. रणवीर नंदन, प्रदेश महासचिव अनिल कुमार, चंदन सिंह, डा. विपिन कुमार यादव, जदयू मीडिया सेल के प्रदेश अध्यक्ष डा. अमरदीप भी मौजूद थे।ललन सिंह जब पार्टी के प्रदेश कार्यालय पहुंचे तो हिट नंबर बड़े ही मस्त अंदाज में म्यूजिक सिस्टम पर गूंजा- अजीम-ओ-शान शहंशाह, हमेशा सलामत रहें, मरहबा, मरहबा।