बिहारः तेजस्वी बोले-बंगाल ने किया दीदी पर भरोसा, कांग्रेस ने कहा- PM नरेंद्र मोदी की ऐतिहासिक हार
बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की जीत पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने ममता बनर्जी को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता ने आखिरकार अपनी दीदी पर ही भरोसा जताया। बंगाल में ममता बनर्जी की जीत पर कांग्रेस ने कहा कि भाजपा का घमंड टूट गया है।
राज्य ब्यूरो, पटना: बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की जीत पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने ममता बनर्जी को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता ने आखिरकार अपनी दीदी पर ही भरोसा जताया। तेजस्वी ने कहा कि जब पूरा देश कठिन परिस्थितियों से जूझ रहा है तो बंगाल ने फिर अपनी ममता पर ही विश्वास किया। यह जनता के स्नेह और विश्वास की जीत के साथ ममता बनर्जी के दृढ़ और कुशल नेतृत्व का नतीजा है। राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने कहा कि बंगाल ने उन्माद और उदंडता की राजनीति को सबक सिखाया है। साथ ही देश की राजनीति को एक नई दिशा देने का संकेत दिया है। भाजपा ने सभी हथकंडे अपनाए थे, लेकिन तब भी जीत नसीब नहीं हुई। प्रवक्ता चितरंजन गगन, प्रदेश महासचिव विनोद यादव एवं सचिव प्रमोद कुमार सिन्हा ने भी ममता को बधाई दी है।
कांग्रेस बोली, बंगाल ने तोड़ा भाजपा का घमंड
पटनाः बंगाल में ममता बनर्जी की जीत पर कांग्रेस ने कहा कि भाजपा का घमंड टूट गया है। कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष कौकब कादरी ने कहा कि प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, केंद्र सरकार, सरकार की सभी एजेंसियां, चुनाव आयोग, महीनों तक मीडिया प्रचार, मित्र उद्योगपतियों से मिली खुल्लमखुल्ला नाजायज मदद व अकूत काले धन के साथ संयुक्त गठबंधन करने के बाद भी भाजपा ममता बनर्जी से हार गई। ममता की जीत ने देश के चरमराये, लहूलुहान प्रजातंत्रीय ढांचे को पुनर्जीवित करने की आस जगाई है। कादरी ने कहा कि प्रधानमंत्री की ये एतिहासिक हार है। सत्य की राजनीति करने वाले राहुल गांधी के भरोसे को मजबूती मिली है।
दो राज्यों में भाजपा की जीत पर बधाई
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अरविंद सिंह ने असम और पुडुचेरी में पूर्ण बहुमत की सरकार बनने पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को बधाई दी है। उन्होंने पश्चिम बंगला में भाजपा के प्रमुख विपक्षी दल बनने और नंदीग्राम में शुभेंदु अधिकारी द्वारा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराने पर भी प्रसन्नता प्रकट की है। अरविंद ने शुभेंदु को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।