बिहार में बदला मौसम: कई इलाकों में धूलभरी आंधी-बारिश, कहीं पेड़ गिरा तो कहीं ट्रांसफार्मर
बिहार के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि बुधवार से मौसम में बदलाव आ सकता है। इसके बाद कई इलाकोंं में धूलभरी आंधी के साथ छिटपुट बारिश हुई है।
पटना, जेएनएन। बिहार में कई इलाकों में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया है। बिहार के कई जिलों में आंधी के साथ बारिश हुई है। मोतिहारी में ठनके से एक बच्चे की मौत की खबर आ रही है। वहीं एक बच्चे के झुलसने की घटना हुई है। घटना चकिया के बरदिया पंचायत में हुई है। नालंदा व पटना में पेड़ गिरे हैं, तो पटना के नौबतपुर में दीवार गिर गई। उधर बरबीघा में बिजली का ट्रांसफार्मर गिर गया है।
इधर पटना में शाम चार बजे तेज धूलभरी आंधी चली, जिससे पूरी तरह अंधेरा छा गया। थोड़ी देर बाद हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया है। मौसम के मिजाज में आई नरमी से लोगों ने राहत की सांस ली है। पटना से सटे बिक्रम में भी धूल भरी आंधी आई है। पालीगंज में तेज आंधी और बारिश से कई खपरैल के मकान के छत उड़ गए। वहीं बेगूसराय में तेज आंधी के साथ हल्की बारिश हुई है। भागलपुर-पूर्णिया में भी मौसम का मिजाज बदल गया है। बारिश से तापमान में गिरावट आई है।
सीवान में तेज हवा के साथ आई धूलभरी आंधी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। आंधी आने से तापमान में आई गिरावट, लोगों को भीषण गर्मी से मिली कुछ राहत। भोजपुर, गोपालगंज सहित कई इलाकों में धूलभरी आंधी के साथ छिटपुट बारिश की भी खबर मिल रही है।
पटना के लिए मौसम विभाग का अनुमान है कि तेज धूलभरी आंधी से लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी, लेकिन अगले चार दिनों तक गर्मी बरकरार रहेगी। वहीं उत्तर बिहार के कई जिलों में चार दिनों तक बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक बिहार में 18 से 20 जून तक मानसून के दस्तक देने की संभावना है।
बता दें कि बुधवार की दोपहर में मौसम विभाग ने आंधी व बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया था। अलर्ट में कहा था कि वैशाली, पटना, जहानाबाद और अरवल में तेज हवा के साथ बारिश होगी। इसके साथ ही सारण, बक्सर, भोजपुर, शिवहर, सीतामढ़ी और मुजफ्फरपुर के लिए भी अलर्ट जारी किया गया था। इसका असर भी दिखा। मोतिहारी के चकिया स्थित बरदिया में आंधी-बारिश के साथ ठनका गिरने की घटना हुई है। इसमें एक बच्चे की मौत हो गई है। वहीं एक बच्चा झुलस गया है।
मंगलवार को दर्ज की गई थी तापमान में गिरावट
राजधानी और आसपास के इलाके में मंगलवार को तापमान पांच डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया। सोमवार की शाम आंधी के बाद मंगलवार को यहां का तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। उल्लेखनीय है कि रविवार को पटना का तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस था। बुधवार को पटना सहित प्रदेश भर के तापमान में वृद्धि की संभावना है।
मंगलवार को पटना का अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गया का अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री और न्यूनतम 29.2 डिग्री सेल्सियस रहा। भागलपुर का अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूर्णिया का अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार को पटना सहित पूरे प्रदेश के तापमान में एक डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि की संभावना है। 17 जून तक आंशिक बादल छाए रहेंगे। गंगा के तटीय क्षेत्र और पूर्वी बिहार के कुछ हिस्से में बूंदाबांदी हो सकती है। दक्षिण बिहार के इलाके में मौसम शुष्क रहेगा और कुछ जगहों पर गर्म हवा सताएगी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप