Move to Jagran APP

बिहार में बारिश के साथ मौसम का बदला मिजाज, चक्रवाती हवा से बढ़ी ठंड

हल्की बारिश और चक्रवाती हवा की वजह से बिहार में ठंड बढ़ने लगी है। शनिवार को भी दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही। अगले कुछ दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है।

By Kajal KumariEdited By: Published: Sat, 14 Dec 2019 11:47 AM (IST)Updated: Sat, 14 Dec 2019 12:23 PM (IST)
बिहार में बारिश के साथ मौसम का बदला मिजाज, चक्रवाती हवा से बढ़ी ठंड
बिहार में बारिश के साथ मौसम का बदला मिजाज, चक्रवाती हवा से बढ़ी ठंड

पटना, जेएनएन। बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती सर्किल बनने से बिहार, यूपी, झारखंड, पश्चिम बंगाल में बारिश हो रही है। बीते 24 घंटे में राजधानी पटना सहित राज्य के अन्य जिलों में हो रही बारिश ने सूबे में ठंड बढ़ा दी है।शुक्रवार को पटना में 28.8 एमएम बारिश हुई और इसके साथ ही चल रही दक्षिणी पूर्वी हवा ने सिहरन बढ़ा दी है।

loksabha election banner

शुक्रवार को पटना सहित सूबे के कई जिलों में दिनभर बूंदाबांदी होती रही। इससे पटना का अधिकतम पारा पिछले चौबीस घंटे में पांच डिग्री तक नीचे आ गया, जबकि न्यूनतम तापमान तीन डिग्री तक ऊपर रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 18.8 रिकाॅर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम पारा सामान्य से छह डिग्री अधिक 16.6 रिकाॅर्ड किया गया। विभाग के अनुसार शनिवार और रविवार को भी सूबे में बारिश होने की संभावना है।

बारिश के बाद बढ़ी ठंड का सामान्य जनजीवन पर असर पड़ा है ठंड की वजह से दिनभर लोग रजाई में दुबके रहे। तो वहीं कामकाजी लोग सड़कों पर दिखे, लेकिन सड़कों पर ज्यादा गहमागहमी नहीं नजर आई। 

मौसम रहेगा साफ, कोहरा बढ़ेगा

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक शनिवार दोपहर तक राजधानी सहित अन्य जिलों में हल्की बारिश की स्थिति बनी रहेगी। शनिवार दोपहर के बाद मौसम सुधरेगा। हालांकि बादल छंटते ही ठंड में और बढ़ोतरी के आसार हैं।

विज्ञान केंद्र ने यह अनुमान किया है कि रविवार की सुबह से राजधानी व आसपास के इलाकों में कोहरा और सघन हो सकता है। सुबह में विजिबिलिटी के तेजी से नीचे आने के आसार हैं। हालांकि केंद्र के मुताबिक रविवार से दोपहर में धूप भी खिली रहेगी, जिससे लोगों को राहत महसूस होगी। 

विमान सेवाओं पर भी बारिश का पड़ा असर

पटना एयरपोर्ट पर उतरने और उड़ान भरने वाले आधा दर्जन से अधिक विमानों पर इस बारिश का असर देखा गया। कोलकाता, हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली से जुड़े विमान दो घंटे से लेकर आधे घंटे तक विलंब से उतरे। दिल्ली से पटना आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई 653 शाम 5.15 की बजाय शाम 6.31 बजे उतरी।

लखनऊ से पटना आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6ई342 आधे घंटे की देरी से 6.40 बजे उतरी। स्पाइस जेट की एसजी8480 शाम 5.25 की बजाय 6.11 बजे उतरी। 

रबी फसलों के लिए वरदान साबित होगी यह बारिश 

राज्य के कई जिलों में हो रही हल्की बारिश रबी फसलों गेहूं और मक्के के लिए यह वरदान साबित होगी। कृषि विशेषज्ञ अनिल झा के अनुसार इस बारिश से रबी के साथ तेलहन और दलहनी फसलों काे भी फायदा होगा।  

दिख रहा पश्चिमी विक्षोभ का असर

दरअसल पाकिस्तान से राजस्थान तक पश्चिमी विक्षोभ के असर की वजह से पूर्वी उत्तर प्रदेश में साइक्लोनिक सर्कुलेशन की स्थिति बनी है। इस वजह से पश्चिमी और मध्य बिहार के जिलों में मौसम में यह बदलाव आया है। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.