पुनपुन का जलस्तर 20 सेंटीमीटर घटा, तटबंध टूटने का खतरा टला
पुनपुन नदी के जलस्तर में 20 सेंटीमीटर की कमी आने से तटबंध टूटने का खतरा टल गया है।
पटना । पुनपुन नदी के जलस्तर में 20 सेंटीमीटर की कमी आने से तटबंध टूटने का खतरा टल गया है। वहीं गंगा का भी स्तर घट रहा है। जलस्तर में कमी से प्रशासन ने राहत की सांस ली है। पुनपुन में रिग बांध टूटने के बाद कई गांवों में पानी फैल गया था। इससे 86 हजार 768 लोग प्रभावित हुए हैं। 33 कम्युनिटी किचेन में रात-दिन लोगों को मुफ्त भोजन-पानी एवं बच्चों को दूध की व्यवस्था की गयी है। मुख्य बांध भी सुरक्षित है।
आपदा प्रबंधन के ओएसडी संजय कुमार अग्रवाल, जिलाधिकारी कुमार रवि, जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता लक्ष्मण झा आदि ने एनडीआरएफ की मोटर बोट से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में दौरा किया।
डीएम कुमार रवि ने शनिवार सुबह से ही बाढ़ प्रभावित पुनपुन क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्य का निरीक्षण किया। राम गोविंद सिंह हाई स्कूल में चल रहे कम्युनिटी किचेन में व्यवस्था की जानकारी ली। बाढ़ पीड़ितों के साथ भोजन किया। अंचल अधिकारी पुनपुन को निर्देश दिया कि सभी कम्युनिटी किचन में साफ-सफाई पर ध्यान रखा जाए। बाढ़ प्रभावितों को मानक प्रक्रिया के अनुरूप भोजन दिया जाए।
मालूम हो कि डीएम के निर्देश पर सामुदायिक किचन के प्रांगण में आगनबाड़ी केंद्र खोले गए हैं। यहां बच्चों को बिस्कुट, दूध और फल दिए जा रहे हैं। डीएम ने बताया कि पुनपुन एवं अन्य नदियों में अत्यधिक जल प्रवाह से बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। 33 स्थानों पर सामुदायिक कम्युनिटी किचेन चल रहा है। यहा रात-दिन लोगों को मुफ्त भोजन पानी एवं बच्चों को दूध उपलब्ध कराया जा रहा है। कई स्थानों पर मेडिकल कैंप लगाकर चिकित्सक पारा मेडिकल स्टाफ जीवनरक्षक दवाओं के साथ कार्यरत हैं।