शादी में गईं पटना के वार्ड पार्षद की पत्नी को लगी गोली, जयमाल के समय हर्ष फायरिंग ने ली जान
दानापुर के सुलतानपुर में एक शादी समारोह की वरमाला रस्म के दौरान खुशियां अचानक मातम में बदल गई। हर्ष फायरिंग में गोली लगने से वार्ड पार्षद की पत्नी की गंभीर रूप से घायल हो गईं। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
दानापुर (पटना), संवाद सूत्र। दानापुर के सुलतानपुर में एक शादी समारोह की वरमाला रस्म के दौरान खुशियां अचानक मातम में बदल गई। हर्ष फायरिंग में गोली लगने से वार्ड पार्षद की पत्नी की गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में घायल महिला सन्नी देवी (29 वर्ष) को अस्पताल ले जाया गया। पटना के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
रिश्तेदार की बेटी की शादी में शामिल होने आई थीं
बताया गया कि वार्ड नंबर 15 के पार्षद सुजीत कुमार की पत्नी सन्नी देवी दानापुर के नयाटोला से शादी में शामिल होने रिश्तेदार के घर आई थीं। रिश्तेदार की बेटी की शादी होनी थी। उनकी सास भी वार्ड पार्षद हैं। देर रात बरात आई। वरमाला के दौरान हर्ष फायरिंग की जा रही थी। इस दौरान एक गोली सन्नी देवी को जा लगी। इसके बाद वहां कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष अजीत कुमार साहा ने बताया कि पाटलिपुत्रा के निजी अस्पताल के आइसीयू में इलाज चल रहा था। वहां उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जो भी दोषी होंगे, उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
राजधानी से सटे इलाके में घटना से उठ रहे सवाल
बता दें कि शादियों में हर्ष फायरिंग की घटनाओं में अक्सर अनहोनी हो जाती है। इस पर सरकार और प्रशासन की सख्ती के बावजूद ऐसी घटनाएं थम नहीं रहीं। खासकर राजधानी के इलाके में इस तरह की घटना हो रही है तो सुदूर जिलों की स्थिति का अंदाजा स्वत: लगाया जा सकता है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। बताया गया है कि एएसपी और थानाध्यक्ष अस्पताल जाकर स्वजनों से मिले। घटना की जानकारी ली। इस घटना के बाद स्वजन पूरी तरह हताश हैं। स्वजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया है।