विजय चौधरी ने संभाला ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री पद का जिम्मा, बताई अपनी प्राथमिकता
ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री बनाए गए विजय कुमार चौधरी ने गुरुवार को अपना पद संभाल लिया। मंत्री ने इस दौरान कहा कि आज विश्व की चिंता बदलते पर्यावरण और जलवायु को लेकर है। बिहार भी इससे अछूता नहीं।
पटना, जेएनएन। ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री बनाए गए विजय कुमार चौधरी ने गुरुवार को अपना पद संभाल लिया। मंत्री ने इस दौरान कहा कि आज विश्व की चिंता बदलते पर्यावरण और जलवायु को लेकर है। बिहार भी इससे अछूता नहीं। बिहार ने इस समस्या को देखते हुए जल-जीवन-हरियाली की अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के जरिए पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन की समस्या से निपटने के प्रयास किए जा रहे हैं।
जल-जीवन-हरियाली को सफल बनाना प्राथमिकता
ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि पूरे देश में बिहार ही ऐसा राज्य है जिसने पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन की समस्या को देखते हुए पहल की है, यह सबके लिए प्रसन्नता की बात है। चौधरी ने कहा कि उनकी प्राथमिकता जल-जीवन-हरियाली को सफलता पूर्वक राज्य में लागू करना है। इसके लिए विभाग के अधिकारियों के साथ ही जल्द समीक्षा भी होगी। मंत्री ने कहा कि ग्रामीण विकास विभाग का मूल कार्य ग्रामीण क्षेत्रों का विकास है और विभाग अपना कार्य सफलतापूर्वक कर रहा है।
जीविका एक गेम चेंजर योजना
विजय कुमार चौधरी ने इस दौरान जीविका की सरहाना करते हुए कहा कि जीविका एक गेम चेंजर योजना है। जीविका समूह से आज ग्रामीण इलाकों की महिलाएं बड़ी संख्या में जुड़ रही हैं और अपनी आर्थिक व्यवस्था को मजबूत बना रही हैं। मंत्री के पदभार ग्रहण के दौरान सचिव व अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बताते चलें कि 16वीं विधानसभा में विजय चौधरी विधानसभा अध्यक्ष थे। इस बार नीतीश कुमार ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। 17वीं विधानसभा में पहली बार विकासशील इंसान पार्टी (वीआइपी) के प्रमुख मुकेश सहनी भी मंत्री बनाए गए हैं। मुकेश सिमरी बख्तियारपुर से चुनाव हार गए थे, बावजूद नीतीश कुमार ने उनपर भरोसा जताया है। मुकेश की वीआइपी बिहार में एनडीए का हिस्सा है। इसबार उनके चार विधायक जीतकर सदन में आए हैं। जीत के बाद मंत्रियों का पदभार संभालने का सिलसिला जारी है।