वैन ने बाइक सवारों को रौंदा, युवक की मौत, दो गंभीर
सरैया गांव के नजदीक शनिवार की सुबह एक तेज रफ्तार पिकअप वैन ने बाइक सवारों को रौंद दिया।
फुलवारीशरीफ । सरैया गांव के नजदीक शनिवार की सुबह एक तेज रफ्तार पिकअप वैन ने बाइक सवार युवकों को रौंद दिया। बाइक चला रहे आकोपुर निवासी सज्जन चौधरी व पूर्व वार्ड सदस्य शोभा देवी के 20 वर्षीय पुत्र विक्की चौधरी की मौत हो गई। पीछे बैठे नासरीगंज दानापुर निवासी अशोक कुमार व विकास कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत नाजूक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार वभनपुरा के नजदीक फल की दुकान लगाने वाले विक्की चौधरी की मां शोभा देवी छठ व्रत कर रहीं थीं। व्रत में विक्की का मौसेरा भाई अशोक कुमार अपने दोस्त विकास कुमार के साथ घाट पर पहुंचा था। सुबह अर्घ्य देकर पूरा परिवार घर लौट चुका था। विक्की अपने मौसेरे भाई अशोक और विकास के साथ बाइक से जानीपुर बाजार घूमने निकल गया। बाजार से लौटने के दौरान सरैया के नजदीक तेज रफ्तार पिकअप वैन बाइक को रौंद दी। घटना के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया। कुछ देर पहले ही मां मंगल की कामना कर लौटी थीं घर
विक्की की मां शोभा और बहन पूजा का रो-रोकर बुरा हाल था। कुछ देर पहले ही सभी की मंगल कामना कर शोभा देवी घर पहुंचीं थीं। चंद मिनट बाद ही मनहूस खबर मिली कि उनका बड़ा पुत्र विक्की चौधरी अब इस दुनिया में नहीं रहा। छोटे भाई बिट्टू को यह विश्वास नहीं हो रहा था कि चंद मिनट पहले ही घर से हंसते हुए निकला उसका बड़ा भाई अब इस दुनिया में नहीं रहा।