कर्पूरी जयंती पर उपेंद्र कुशवाहा विद्यालयों के सामने बनाएंगे मानव कतार, नीतीश सरकार पर बरसे
बिहार में राष्ट्रीय लोकसमता पार्टी (RLSP) प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा (Upendra Kushwaha) भी बनाएंगे मानव श्रृंखला। 24 जनवरी को कुशवाहा बिहार में विद्यालयों के सामने मानव कतार लगाएंगे।
पटना, राज्य ब्यूरो। बिहार में राष्ट्रीय लोकसमता पार्टी (RLSP) प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा (Upendra Kushwaha) भी बनाएंगे मानव श्रृंखला। पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर (Former CM Karpuri Thakur) की जयंती के मौके पर यह श्रृंखला बनेगी। इसकी जानकारी गुरुवार को रालोसपा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने मीडिया को जानकारी दी।
कुशवाहा ने कहा कि कर्पूरी जयंती के अवसर पर 24 जनवरी को उनकी पार्टी प्रदेश के सभी सरकारी विद्यालयों के सामने मानव कतार बनाएगी। इस कार्यक्रम के माध्यम से पार्टी शिक्षा सुधार की अपनी मांग उठाएगी। उन्होंने एनडीए से अलग सभी दलों से इस कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की। साथ ही सभी 38 जिले में मानव कतार कार्यक्रम के लिए नियुक्त प्रभारियों की सूची भी जारी की।
उन्होंने नीतीश सरकार द्वारा 19 जनवरी को मानव श्रृंखला बनाए जाने पर कहा कि उस दिन सरकारी कार्यालयों को खुला रखने का आदेश दिया गया है। इसके एवज में दूसरे दिन छुट्टी देने की बात कही गई है, लेकिन शिक्षक अगर किसी अन्य दिन छुट्टी लेंगे तो पठन-पाठन बाधित होगा।
उन्होंने कहा कि 20 जनवरी को आयोजित सिपाही भर्ती परीक्षा रद्द किए जाने पर कहा कि 12 जनवरी को जिस प्रकार रेलवे स्टेशनों पर परीक्षार्थियों की भीड़ देखी गई, उसके मद्देनजर यह परीक्षा रद्द की गई है। प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है। प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त में 2.5 प्रतिशत, उच्च विद्यालय पास में 8.4 प्रतिशत, डिप्लोमाधारी में 9.1 प्रतिशत और स्नातक में 25.7 प्रतिशत बेरोजगारी व्याप्त है। संवाददाता सम्मेलन में रालोसपा के कोषाध्यक्ष राजेश यादव एवं मुख्य प्रवक्ता अभिषेक झा भी मौजूद थे।