उपेंद्र कुशवाहा ने लगाया बड़ा आरोप, कहा- बेरोगारों के भविष्य से खिलवाड़ कर रही बिहार सरकार
रालाेसपा प्रमुख व पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा एक बार बिहार सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार पर शिक्षित नौजवानों के साथ भेदभाव कर रही है।
पटना, राज्य ब्यूरो। रालोसपा प्रमुख एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने बिहार सरकार पर शिक्षित नौजवानों के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि नीतीश सरकार बेरोजगार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। युवाओं का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है।
रालोसपा प्रमुख कुशवाहा ने कहा कि कई राज्यों में ग्रुप सी और डी में नियुक्ति को लेकर अहम फैसले लिये गये हैं। इसका सीधा असर बिहार के शिक्षित बेरोजगारों पर हो रहा है। झारखंड, छतीसगढ़ और उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में ग्रुप सी तथा डी में बिहारियों की बहाली नहीं हो रही है।
उन्होंने कहा कि झारखंड में डोमिसाइल नीति के कारण बिहार के युवा शिक्षक भी नहीं बन सकते। ओडिशा में उडिय़ा जानने वालों की ही बहाली हो रही है, जबकि बिहार की बहाली में दूसरे राज्यों के युवाओं को खूब मौका मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षकों की बहाली के लिए बने रोस्टर में पिछड़ा वर्ग को जगह नहीं दी गई है। इस अवसर पर रालोसपा के पूर्व सांसद भूदेव चौधरी, सत्यानंद दांगी, अभिषेक झा, अनिल यादव व भोला शर्मा मौजूद थे।